हमारा काम तो जनहित के मुद्दे उठाना है, सरकार चलेगी या नहीं यह कांग्रेस का विषय है: राकेश सिंह

राजनीति Jun 26, 2019

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा-सरकार को अपने किए वादे याद नहीं

बालाघाट और सिवनी में जिला बैठकों में शामिल हुए राकेश सिंह

खबर नेशन/Khabar Nation   

बालाघाट। कमलनाथ सरकार को जनता के सुख दुख से कोई सरोकार नहीं है। प्रदेश में चारों ओर भयावह स्थिति है। कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है। बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था भी कमलनाथ सरकार बेहतर रूप से क्रियान्वयन करने में असफल साबित हुई है। कमलनाथ सरकार महत्वपूर्ण मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने का काम कर रही है और अपनी कमियां छिपाने के लिए वह भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगा रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने बुधवार को बालाघाट प्रवास के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के पहले जो वादे किए थे, सत्ता हासिल करने के बाद अपनी किए वादे ही उसे याद नहीं है। बालाघाट के बाद सिवनी में भी प्रदेश अध्यक्ष ने जिला बैठक में भाग लिया।   

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह बुधवार को बालाघाट और सिवनी प्रवास पर थे। उन्होंने सदस्यता अभियान को लेकर जिला प्रबंध समिति एवं जिला बैठक में भाग लिया। बैठक के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने बालाघाट के भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि अपने कारणों से ही प्रदेश सरकार गिरेगी, जिसकी चिंता कांग्रेस को करना है। विपक्ष लगातार जनहित से जुडे मुद्दों को उठाने का काम कर रहा है। लेकिन सरकार को इस बात की प्रतिक्षा नहीं करनी चाहिए कि विपक्ष कहे तब सरकार अपना काम करे।

6 जुलाई को होगा सदस्यता अभियान का शुभारंभ

राकेश सिंह ने बताया कि सदस्यता अभियान पूरे देश में 6 जुलाई से प्रारंभ होगा। प्रदेश के 56 जिलों के प्रत्येक बूथ स्तर पर भव्यता के साथ अभियान का शुभारंभ होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बने। इसके लिए अधिक से अधिक लोग पार्टी से जुडे यह हमारा लक्ष्य है। पिछली बार बने सदस्यों से 20 प्रतिशत सदस्य इस बार बनेंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में बडी संख्या में जनता ने पार्टी को वोट दिया। हमारी कोशिश है कि ऐसे सारे लोग पार्टी से जुडे। उन्हें हम पार्टी का सदस्य बनायेंगे। उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान ऑनलाइन, मिसकॉल के माध्यम से होगी साथ ही सदस्यता पत्रक भी भरवाए जायेंगे।

कांग्रेस के मंत्री और विधायक तबादला उद्योग से साध रहे आर्थिक हित

राकेश सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को सवाल पूछने का अधिकार है। सरकार को इसका जवाब देना चाहिए कि अभी तक किसानों का कर्जमाफ क्यों नहीं हुआ। युवाओं को बेरोजगारी भत्ता क्यों नहीं मिला। खेती के लिए किसानों को पर्याप्त बिजली क्यों नहीं मिल रही है। आज प्रदेश में कानून व्यवस्था की धज्जियां उडी हुई है। सोमवार को इंदौर में एबीवीपी और मोर्चा के कार्यकर्ताओं के कपड़े उताकर पीटा जाता है। दिनों दिन अपहरण और बलात्कार की घटनाएं सामने आ रही है। कांग्रेस सरकार को इन सभी बातों से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को सबक दिया लेकिन बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस के मंत्री और विधायक अपनी गलतियों से सीखने के बजाए तबादला उद्योग में अपने आर्थिक हित साधने में लगे है।

शिवराज सरकार में न विकास रूका, न किसान परेशान हुआ

प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार के समय दी गयी सौगातों और कार्यप्रणाली के बारे में बताते हुए कहा कि 15 वर्षों तक भाजपा सरकार और किसान हितैषी मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के रहते किसानों को उपज का पर्याप्त मूल्य मिला। उन्हें पैसा लेने में कभी कठिनाई नहीं हुई। लेकिन बीते 6 माह में ही किसानों का अनाज सड़ रहा है और किसानों को कहा जाता है कि यह अनाज मंडी से लेकर वापस चले जाए। उन्होंने कहा कि शिवराज सरकार में न तो कभी विकास कार्य रूके, न किसानों का भुगतान रूका और न ही कभी प्रदेश में आर्थिक संकट के हालात बने। राज्य बीमारी सहायता, छात्रवृत्ति योजना और प्रदेश की माता बहनों को आर्थिक सुरक्षा देने वाली लगभग सभी योजनाएं सरकार बंद कर रही है।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment