विधायक आकाश विजयवर्गीय द्वारा निगम अधिकारियों को खुलेआम सार्वजनिक रूप से पीटने की घटना बेहद आपत्तिजनक व निंदनीय: नरेन्द्र सलूजा
भोपाल की घटना पर व कानून व्यवस्था को लेकर भोपाल में धरना देने वाले शिवराज सिंह इस घटना पर इंदौर धरना देने कब आ रहे हैं ?
प्रहलाद पटेल ,जालम पटेल व कमल पटेल के पुत्र की गुंडागर्दी पर मौन रहने वाले शिवराज व भाजपा इस घटना पर भी सड़कपर आएगी या मौन रहेगी
खबर नेशन/Khabar Nation
भोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने बताया कि आज इंदौर में निगम मुख्यालय के पास गंजी कंपाउंड क्षेत्र में एक जर्जर मकान को तोड़ने गई निगम अधिकारियों की टीम पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के विधायक पुत्र आकाश विजयवर्गीय और उनके समर्थकों द्वारा जिस प्रकार से खुलेआम जानलेवा हमला किया गया, उनकी सार्वजनिक बेट से पिटाई की गई, वह बेहद आपत्तिजनक व निंदनीय है। ऐसा लग रहा है कि शांत मध्यप्रदेश को यह लोग पश्चिम बंगाल बनाना चाहते हैं।
सलूजा ने कहा कि विधायक व उनके समर्थकों द्वारा जिस प्रकार से कानून हाथ में लेने का प्रयास किया गया है, निश्चित तौर पर वह बेहद आपत्तिजनक है। कल जिला योजना समिति की बैठक में गुंडों के डर से निगम का सम्मेलन कलेक्टर कार्यालय में करने की मांग करने वाले क्षेत्र क्रमांक 2 के विधायक रमेश मेंदोला लगता है इस घटना के बाद, अब अपने निवास नंदा नगर में भी जाने से डरेंगे, क्योंकि जिस प्रकार से विधायक ने गुंडागर्दी की है और विधायक का घर नंदा नगर में ही है, ऐसे में शायद रमेश मेंदोला को गुंडागर्दी के डर से अपना निवास कलेक्टर कार्यालय के आसपास शिफ्ट करना पड़ेगा।
सलूजा ने कहा कि भोपाल के बैरागढ़ की घटना पर व कानून व्यवस्था को लेकर मुखर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान व भाजपा को इंदौर आकर निगम अधिकारियों व कर्मचारियों की जानमाल की रक्षा के लिए व कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली इस घटना के लिए तत्काल धरना देना चाहिए।
सलूजा ने कहा कि देखना होगा शिवराज सिंह व भाजपा, गोटेगांव के भाजपा के केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल व पूर्व मंत्री जालम पटेल के पुत्रों की गुंडागर्दी की घटना व हरदा के भाजपा विधायक कमल पटेल के पुत्र की गुंडागर्दी की घटना की तरह भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के पुत्र की इस गुंडागर्दी की घटना पर भी मौन रहती है या सड़कों पर आकर नैतिकता का परिचय देते हुए इस शर्मनाक घटना का विरोध करती है।