आने वाली पीढ़ियों का जीवन सुरक्षित बनाने के लिए जल की रक्षा करना पड़ेगी: राकेश सिंह
हजारों नागरिक भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के साथ श्रमदान में उतरे
जल रक्षा अभियान के अंतर्गत 5 दिवसीय श्रमदान कार्यक्रम की शुरूआत
खबर नेशन/Khabar Nation
जबलपुर। सोमवार को रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर उनकी पुण्य भूमि जबलपुर में गौर नदी के उद्गम स्थल ग्राम पड़वार में अलग ही नजारा था। गौर नदी को स्वच्छ और अविरल बनाने के सामूहिक उद्देश्य से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आव्हान पर शुरू किए गए जल रक्षा अभियान में हजारों समाजसेवी, स्वयंसेवक, जागरूक नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने एकत्रित होकर गौर नदी को नवजीवन देने के लिए गहरीकरण कर सफाई की। प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने तस्सल और गेती-फावड़ा चलाकर श्रमदान किया। इस अवसर पर श्री राकेश सिंह ने कहा कि राजनीति के अलावा हमें अपने सामाजिक दायित्वों के लिए न सिर्फ जागरूक होना पड़ेगा, बल्कि आगे बढ़कर काम करना पड़ेगा। अगर आने वाली पीढ़ियों का जीवन सुरक्षित बनाना है, तो हर कीमत पर जल की रक्षा करना पड़ेगी। गौर नदी के उद्गम स्थल पर जो श्रमदान प्रारंभ हुआ है, उससे इस नदी को नवजीवन मिलेगा।
घटते भूजल स्तर और वर्षा जल को रोकने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह की पहल पर शुरू किए गए जल रक्षा अभियान के अंतर्गत सोमवार को जबलपुर के गौर नदी के उद्गम स्थल गौमुख पड़वार में पांच दिवसीय श्रमदान की शुरूआत हुई। राकेश सिंह ने जनप्रतिनिधि, पार्टी के पदाधिकारी प्रबुद्धजनों एवं जनता के साथ गहरीकरण एवं सफाई कर श्रमदान किया।
प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने श्रमदान अभियान की शुरूआत करते हुए कहा कि आज वीरांगना रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस है। रानी दुर्गावती ने अपने समय में ताल-तलैयों के साथ कुँआ, बावड़ी का निर्माण कराया। उनकी दूरगामी सोच का ही परिणाम था कि आज जबलपुर पानी के मामले में आत्मनिर्भर और जल संपदा से सम्पन्न शहर बना हुआ है। उन्होंने जल संकट पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण और भौगोलिक परिदृश्य के साथ बदलते पर्यावरण से धीरे-धीरे जल का क्षरण होने लगा है। भूमिगत जल भी नीचे जा रहा है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। इस संकट से निपटने के लिए हमें अपने सामाजिक दायित्वों के साथ जाग्रत होकर समाज को भी जाग्रत करना होगा, क्योंकि समाज की सहभागिता से ही जल अभियान एक आंदोलन बन सकता है। उन्होंने कहा कि हमने जल रक्षा अभियान के अंतर्गत श्रमदान कर जनजागरण की शुरूआत की है।
सिंह ने इस अवसर पर आह्वान करते हुए कहा कि सभी गांवों में वर्षा के पूर्व नदियों-तालाबों के गहरीकरण और सफाई के अभियान चलने चाहिए, जिससे वर्षा के जल से भूजल स्तर बढ़ेगा। उल्लेखनीय है कि श्री राकेश सिंह कई वर्षों से जल रक्षा के अभियान में जुटे हुए हैं। उन्होंने जबलपुर में पर्यावरणविदों और जल संरक्षकों की एक कार्यशाला आहुत की थी। उस कार्यशाला में उठे विषयों को लेकर श्री राकेश सिंह ने जल रक्षा के लिए एक लंबी कार्ययोजना बनाई।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर, ग्रामीण अध्यक्ष ओमप्रकाश पटेल, विधायक सुशील तिवारी, नंदनी मरावी, महापौर डॉ स्वाति गोडबोले, पूर्व विधायक अंचल सोनकर, प्रतिभा सिंह, सुमित्रा वाल्मीकि के साथ जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, एमआईसी सदस्य, पार्षद सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के लोगों ने गौर नदी के उद्गम स्थल गौमुख में श्रमदान किया।