हमें केरल, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु में भी सरकार बनानी है: शिवराज

राजनीति Jun 24, 2019

सदस्यता अभियान की रांची बैठक में शिवराज सिंह ने कहा

खबर नेशन/Khabar Nation  

रांची। भाजपा सरकार का मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास है और पार्टी का लक्ष्य सर्व स्पर्शी और सर्व व्यापी बनना है, यह बात भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय सदस्यता प्रभारी, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में सदस्यता अभियान से संबंधित प्रदेश स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सर्व स्पर्शी भाजपा का मतलब सभी जाति, पंथ, समाज, वर्ग के बीच पार्टी का विस्तार, वहीं सर्वव्यापी का मतलब हर बूथ तक भाजपा की मजबूत पकड़। 

चौहान ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, देश भर में 11 करोड़ से ज्यादा सदस्य हैं, प्रचंड बहुमत के साथ केंद्र में मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन की दुबारा सरकार बनी। पार्टी को अकेले 303 सीट तथा एनडीए को 353 सीट देकर जनता ने सेवा का अवसर दिया है और यह सब संभव हुआ है हमारे नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की असाधारण लोकप्रियता एवं माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष गृह मंत्री अमित शाह जी की अचूक रणनीति के साथ लाखों कार्यकर्ताओं के परिश्रम के कारण। 

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के महाविजय ने देश से परिवार वाद, वंशवाद छद्म धर्मनिरपेक्षवाद और जातिवाद को समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह स्वर्णिम काल है पर सर्वोच्च आना बाकी है। हमें बंगाल, केरल, आंध्र, तमिलनाडु, ओडिसा जैसे राज्यों में सरकार बनानी है। अभी और मेहनत करना है।कहा कि पार्टी ने संगठन पर्व के रूप में आगामी 6 जुलाई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्मदिन से देश भर में सदस्यता अभियान प्रारंभ करने जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का अभी एक ही लक्ष्य होना चाहिए, घर-घर सदस्य बनाना, हमें अमीर गरीब युवा महिला मजदूर किसान दलित वंचित प्राध्यापक छात्र कलाकार खिलाड़ी सब के दरवाज़े तक दस्तक देना है। लोग भाजपा का सदस्य बनने को तैयार हैं हमें सिर्फ वहां तक पहुंचना है। मुझे सदस्यता प्रमुख के नाते सिर्फ सदस्यता दिखाई पड़ रही है वैसे ही सभी ऐसा संकल्प लें तो अपने लक्ष्य की आसानी से हासिल कर सकते हैं। 

उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी राष्ट्रीय अध्यक्ष जी, सभी मुख्यमंत्री गण सांसद गण विधायक गण एवं पार्टी से जुड़े प्रतिनिधिगण, प्रदेश जिले के पदाधिकारीगण आगामी 6 जुलाई को अपने अपने क्षेत्रों में सदस्यता अभियान की शुरुवात करेंगे। झारखंड प्रदेश भी अपने निर्धारित लक्ष्य को पूरा करेंगे। सदस्यता अभियान को चलाकर हम नया इतिहास रचेंगे, पार्टी को जन जन तक पहुंचाएंगे, विचारों को घर-घर तक पहुंचाएंगे। हम अपने परिश्रम से विपक्षी को बेजान और बेदम कर देंगे।

झारखंड सरकार की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड अब बदला बदला नजर आरहा है, रघुवर दास जी के नेतृत्व में नए झारखंड का निर्माण हुआ है। अनेक कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा गया बुनियादी सुविधाओं का तीव्र विकास हुआ है। उन्होंने सरकार को बधाई देते हुए महिलाओं के लिए 1 रुपए में रजिस्ट्री की योजना को अनुकरणीय बताया। उन्होंने लोकसभा चुनाव में प्रदेश में पार्टी की सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि सशक्त भारत के लिए सशक्त भाजपा जरूरी है। हमें सदस्यता अभियान के माध्यम से प्रदेश में पार्टी को और मजबूत बनाना है। हमें अपने विचारों, कार्यक्रमों एवं केन्द्र राज्य सरकार की उपलब्धियों के साथ जन जन तक पहुंचने की आवश्यकता है। हमें अपने परिश्रम एवं प्रयासों से सदस्यता अभियान में भी झारखंड को नंबर वन बनाना है। उन्होंने राष्ट्रीय सदस्यता प्रभारी शिवराज सिंह को झारखंड की जनता की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने सभी जिलाध्यक्षों ज़िला सदस्यता प्रभारी से ज़िला सह वृत लिए एवं सदस्यता अभियान को सफल बनाने केलिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जितनी अधिक सदस्यता, उतना मजबूत संगठन। आगामी विधान सभा चुनाव की दृष्टि से भी यह सदस्यता अभियान महत्वपूर्ण है।

Share:


Related Articles


Leave a Comment