एसआईटी जांच से हो सकेगा सिख दंगों में कमलनाथ की भूमिका का खुलासा: चिंतामणि मालवीय
खबर नेशन/Khabar Nation
भोपाल। 1984 के सिख दंगों में मुख्यमंत्री कमलनाथ की भूमिका रही है। ये अलग बात है कि कांग्रेस की सरकारें उन्हें इस मामले से बचाती रही है। लेकिन अगर एसआईटी इस मामले को दोबारा खोलकर मुख्यमंत्री कमलनाथ की भूमिका की जांच करती है, तो निश्चित तौर पर इन दंगों में मुख्यमंत्री कमलनाथ की संलिप्तता स्पष्ट हो जाएगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता चिंतामणि मालवीय ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चेयरमैन एवं अकाली दल के विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा द्वारा इस मामले को लेकर एसआईटी के अध्यक्ष से की गई मुलाकात पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान एवं अकाली विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने ट्वीट करके कहा है कि उन्होंने सिख दंगों की जांच कर रही एसआईटी के अध्यक्ष से मुख्यमंत्री कमलनाथ से संबंधित मामले को दोबारा खोलने एवं दो गवाहों के बयान नोट किए जाने का आग्रह किया है। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री चिंतामणि मालवीय ने कहा कि 1984 के सिख दंगों में कमलनाथ भी कांग्रेस नेता सज्जनकुमार एवं अन्य नेताओं के साथ शामिल रहे हैं। उन्हें कई लोगों ने भीड़ को सिखों पर हमले के लिए उकसाते देखा है। लेकिन दुर्भाग्य से केंद्र में रही कांग्रेस सरकारें उन्हें इस मामले से बचाती रही हैं। उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय द्वारा गठित एसआईटी अगर इस मामले को दोबारा खोलती है और अकाली विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा द्वारा बताए गए दो गवाहों के बयानों पर गौर करती है, तो निश्चित रूप से यह स्पष्ट हो जाएगा कि इन दंगों में मुख्यमंत्री कमलनाथ की क्या भूमिका रही है।