नाव दुर्घटना में पांच यात्रियों की मौत दुखद: राकेश सिंह
खबर नेशन/Khabar Nation
भोपाल। मंडला जिले में एक नाव दुर्घटना में पांच यात्रियों की मौत की खबर अत्यंत दुखद है। शासन-प्रशासन को इस दुर्घटना की जांच कराकर मानसून शुरू होने से पहले नाव परिचालन से संबंधित सुरक्षा उपायों को लागू करना चाहिए। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने प्रदेश के मंडला जिले में नाव दुर्घटना में 4 महिलाओं एवं एक बच्चे की मौत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि दुर्घटना में चार महिलाओं एवं एक मासूम बच्चे की मौत अत्यंत दुखद है। उन्होंने मृतकों की आत्मिक शांति की कामना करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। राकेश सिंह ने कहा कि यह दुर्घटना इसलिए और भी ज्यादा दुखद है, क्योंकि यह ऐसे समय पर हुई जब परिवार में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं। सिंह ने प्रदेश की कमलनाथ सरकार से मांग की कि दुर्घटना के पीड़ितों के लिए उचित मुआवजे की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि मानूसन आने को है, इसलिए प्रदेश की विभिन्न नदियों में होने वाले नाव परिचालन को सुरक्षित बनाने के लिए सरकार को तत्काल कदम उठाना चाहिए।