जनता क्लिनिक ने एक वर्ष पूर्ण किया
समाज का कार्य समाज के द्वारा होता है: दीपक जैन
खबर नेशन/Khabar Nation
अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी व संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी के मन में मां भारती को फिर से एक दिव्य, भव्य, समृद्धशाली, स्वावलम्बी भारत के रूप में देखने का सपना था। प्रश्न यह है कि उनका स्वप्न साकार कैसे हो? केवल सरकार की भूमिका इस स्वप्न को साकार करने में पर्याप्त नहीं होगी। सरकार से बड़ी भूमिका राजनैतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों की है। समाज की समस्याओं, दुख-दर्द, आपदाओं को समझ कर हमे अपने कर्तव्यओं को निभाने का प्रयास करना चाहिए।
वार्ड क्रमांक 6 की राम नगर बस्ती में आज से 1 वर्ष पूर्व 18/06/18 को प्रारम्भ किये गए *जनता क्लिनिक* का एक छोटा सा प्रयास सफलता की और है, न बहुत ज्यादा फर्नीचर , न ए.सी , न कोई तामझाम ,साधारण से 2 कमरों में प्रारम्भ *जनता क्लिनिक पर 1 वर्ष में हज़ारों जरूरतमंद भाई बहनों व बच्चो को परीक्षण कर दवाई देने का कार्य डॉ निर्मल महाजन के मार्गदर्शन में सतत जारी है। माह में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ शिविर व सबसे महत्वपूर्ण उन 450 महिलाओं और किशोरी बालिकाओ का पंजीयन कर उन्हें प्रति माह मात्र 5 रु में 6 सेनेटरी पैड का पैकेट उपलब्ध करवाना, जिससे उनमें स्वास्थ व स्वच्छ्ता को लेकर जागृति आई है।
वार्ड 6 में विकास कार्यो के साथ सेवा कार्य के इस प्रकल्प में कई सामाजिक संस्थाओं और महानुभावो ने सहयोग दिया। क्योकि बिना सहयोग के दवाईयों और अन्य खर्चो को वहन करना हमारे लिए भी संभव नही था। परंतु ‘सहयोग’ का भाव कई सामाजिक संस्थाओं और महानुभावो से प्राप्त हुआ । क्योंकि कोई कितना भी बड़ा सम्पन्न हो, लेकिन अकेला कर सकता है क्या? अकेले काम करने में हो सकता है सफलता मिल जाए, पर अहंकार आ सकता है। सब ने मिलकर काम किया तो अहंकार शून्यता आती है। मैं कौन होता हूं करने वाला, समाज है, समाज का काम समाज के द्वारा होता है। यह भाव तभी बना रहेगा, जब सहयोग होगा। और जनता क्लिनिक के लिए अप्रतिम सहयोग प्राप्त हुआ। उन सभी सामाजिक संस्थाओं और महानुभावो का हृदय से धन्यवाद व आभार व्यक्त करता हुँ।
शक्ति, बुद्धि, योग्यता, साधन, सम्पन्नता और समय ऐसी बातों का समाज के कार्यों के लिए समर्पण होना चाहिए। यह थोड़ा कठिन है, श्रमसाध्य है, मेहनत करना पड़ता है, मन को मारना पड़ता है। हमे अपनी प्राथमिकताओं में समायोजन व सामंजस्य करना पड़ता है।हमारी पूरी टीम ने ये सब करने का प्रयास किया है। सफलता का प्रतिशत कम ज्यादा हो सकता है, लेकिन शक्ति, बुद्धि, योग्यता को समर्पित कर, इसके लिए समर्पण के भाव को अपने भीतर बनाये रखने का प्रयास भी किया है।
मेरा व्यक्तिगत मत है की अगर हमें जीवन मे अवसर, साधन और समृद्धि मिली है तो वह समाज से मिली है । हमे प्राप्त अवसर, साधन और समृद्धि का समाज कल्याण के लिए उसका सदुपयोग करने का प्रयास करना चाहिए। निष्ठा का यह प्रयास जीवनभर आप सभी के आशीर्वाद व मार्गदर्शन में सतत, निर्विघ्न चलता रहे। अपने देश में सेवा की प्राचीन परम्पराओं, सेवा के भामाशाह जैसे उदाहरणों को समाज के सामने रखकर उनके मार्गदर्शन में चलते रहने का प्रयास किया है। इसी आशा और विश्वास के साथ पुनः सभी का आभार व धन्यवाद।
दीपक जैन (टीनू)
पार्षद वार्ड क्रमांक 6
इंदौर नगर पालिक निगम