लक्ष्य से ज्यादा सदस्य बनाएगी भारतीय जनता पार्टी: शिवराजसिंह चौहान
पार्टी उपाध्यक्ष एवं सदस्यता अभियान प्रभारी ने कहा-हर बूथ पर होगा फोकस
खबर नेशन/Khabar Nation
नई दिल्ली/भोपाल। वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के 11 करोड़ सदस्य हैं। इस बार हमारा लक्ष्य सदस्यता में न्यूनतम 20 प्रतिशत वृद्धि करना है। इस बार सदस्यता अभियान में 2 करोड़ 20 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया है और पार्टी इससे ज्यादा सदस्य बनाएगी। यह बात पार्टी के उपाध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सदस्यता अभियान के प्रभारी शिवराजसिंह चौहान ने शुक्रवार को पार्टी के नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में मीडिया से चर्चा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि हम हर बूथ पर फोकस करेंगे और कमजोर बूथ पर सदस्यता अभियान ज्यादा प्रभावी और परिणामकारी व्यवस्था के अनुरूप किया जायेगा।
6 जुलाई से 20 अगस्त तक चलेगा अभियान
चौहान ने कहा कि पार्टी संगठन के विस्तार के लिए सदस्यता प्रमुख है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सरकार का मूलमंत्र है-“सबका साथ सबका विकास।“ ठीक इसी तरह संगठन का मूलमंत्र है “सर्वव्यापी भाजपा सर्वस्पर्शी भाजपा।“ इसे ही ध्यान में रखते हुए पूरे देश में जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के जन्मदिवस 6 जुलाई से पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू किया जा रहा है, जो 20 अगस्त तक चलेगा।
समाज के प्रतिष्ठित लोगों को जोड़ेंगे
चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से प्रभावित यूथ पर सदस्यता अभियान के दौरान विशेष फोकस किया जाएगा। इसके अलावा इस अभियान के दौरान समाज के प्रतिष्ठित लोगों को पार्टी से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वैसे तो सदस्यता अभियान पूरे देश में चलेगा, लेकिन पश्चिम बंगाल, तमिलनाडू, केरल, पांडिचेरी, लक्ष्यदीप, उड़ीसा, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश और सिक्किम राज्यों पर ज्यादा फोकस किया जाएगा।