सांसदों को पत्र सौंपकर किसानों ने दिया प्रधानमंत्री को धन्यवाद
जबलपुर में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद राकेश सिंह को सौंपा धन्यवाद पत्र
खबर नेशन/Khabar Nation
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने कैबिनेट की पहली ही बैठक में किसानों के हित में कई निर्णय लिए हैं। प्रदेश के किसानों ने इन किसान हितैषी निर्णयों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं कृषि मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर को धन्यवाद दिया है। सोमवार को प्रदेश भर के किसानों ने अपने सांसदों को प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री तोमर को संबोधित पत्र सौंपे।
भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के अपने अभियान के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के दायरे में देश भर के किसानों को शामिल करने एवं किसानों को 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन देने के लिए योजना शुरू किए जाने की घोषणाएं की थीं। इन घोषणाओं पर अमल करते हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अपनी पहली ही बैठक में सभी किसानों को किसान सम्मान निधि योजना में शामिल करने एवं 60 वर्ष से अधिक आयु के किसानों, छोटे दुकानदारों, श्रमिकों के लिए पेंशन योजना के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी। केंद्रीय मंत्रिमंडल के इन निर्णयों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश के किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर को धन्यवाद दिया है। इसके लिए प्रदेश भर के किसानों ने सोमवार को स्थानीय सांसदों को धन्यवाद पत्र सौंपे।