ये हाफिज सईद को ‘साहब’, लादेन को ‘जी’ कहने वालों की हार है: रामेश्वर शर्मा

राजनीति May 24, 2019

खबरनेशन/Khabarnation   

भोपाल। भोपाल लोकसभा क्षेत्र में जीत तो भाजपा की हुई है, लेकिन इसमें हार उन लोगों की हुई है, जो हाफिज सईद जैसे आतंकियों को साहब कहते हैं, जो लोग ओसामा बिन लादेन जैसे विश्वस्तरीय आतंकवादी को जी कहकर सम्मान देते हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक  रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस नेता और भोपाल से पराजित उम्मीदवार दिग्विजयसिंह द्वारा साध्वी प्रज्ञा की जीत को गोडसे की विचारधारा वालों की जीत बताने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि ऐसे लोग जो हमेशा हिंसा और अशांति को हवा देने का काम करते रहे हैं, खुद को शांतिदूत बता रहे हैं, जो हास्यास्पद है।

भोपाल लोकसभा क्षेत्र से पराजित कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजयसिंह ने शुक्रवार को मीडिया से चर्चा करते हुए भोपाल में साध्वी प्रज्ञा को मिली जीत को गांधी की नहीं, गोडसे की विचारधारा के समर्थकों की जीत बताया था। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि भोपाल का चुनाव वास्तव में ऐसे दलों और नेताओं की हार है, जो राष्ट्र के विरोधियों, देश के टुकड़े-टुकड़े करने के नारे लगाने वालों, आतंकवादियों और हिंसा फैलाने वालों को सम्मान देते रहे हैं। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी और अहिंसा के उनके सिद्धांत के अनुयायी होने का दावा करने वाले ये फर्जी लोग हमेशा हिंसा को हवा देते रहे हैं। 1984 के सिख दंगों से लेकर मुजफ्फरपुर, मेरठ और पता नहीं कितने दंगों में इन्होंने हजारों निर्दोष लोगों का खून बहाया है, पता नहीं कितने मासूमों की बलि ली है। शर्मा ने कहा कि देश के सैकड़ों निरपराध नागरिकों का खून बहाने वाले, जाकिर नाईक जैसे लोगों  की तरफदारी करने वाले इन नेताओं को किसी और पर टिप्पणी करने का अधिकार ही नहीं है।
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment