जनता गुस्से में है, कांग्रेस को सबक सिखाएगीः शिवराजसिंह चौहान
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जिस तरह 4 महीनों में प्रदेश का बंटाढार किया है, वादे पूरे नहीं किए हैं, इससे प्रदेश की जनता गुस्से में है। वह इस चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाने जा रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने शनिवार को मीडिया से चर्चा करते हुए कही।
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान शनिवार को केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर के साथ भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में जीत का रिकॉर्ड बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा को 300 से ज्यादा सीटें मिलेंगी और 350 से अधिक सीटें लेकर एनडीए फिर सरकार बनाने जा रहा है।
कांग्रेस के प्रति गुस्से, मोदी जी के लिए प्रेम से बढ़ा मतदान
शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के दौरान दो ही मुद्दे थे। एक तो यह कि मोदी जी प्रदेश के लोगों के दिल में बसे हैं और वे उन्हें फिर प्रधानमंत्री देखना चाहते हैं। दूसरा मुद्दा कांग्रेस सरकार की वादाखिलाफी है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान जनता को दिए वचन नहीं निभाए हैं। कर्जमाफी नहीं हुई, किसी को स्टायफंड नहीं मिला। जनता सरकार और सरकार में फर्क को महसूस कर रही है। इसके चलते जनता गुस्से में है और वह कांग्रेस को सबक सिखाना चाहती है। इसीलिए प्रदेश में मतदान का प्रतिशत करीब 8.5 प्रतिशत बढ़ा है।
देश को बनाने के लिए वोट जरूर दें
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी प्रदेश में 8 लोकसभा सीटों पर मतदान बाकी है। मैं जनता से अपील करता हूं कि वह पूरे सोच विचार के साथ अपना वोट जरूर डाले। जनता एक गौरवशाली, वैभवशाली भारत के निर्माण के लिए, जनकल्याण के लिए, देश के विकास के लिए, देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए, किसानों की आय दोगुनी करने के लिए, देश की सुरक्षा के लिए यह विचार करके मतदान करे कि ये सारे काम कौन कर सकता है?