इस बार हर एक वोट नरेन्द्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने के लिए संकल्पित: नरेंद्र सिंह तोमर
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन केंद्रीय मंत्री ने उज्जैन में किया रोड शो
खबरनेशन/Khabarnation
उज्जैन। 19 मई को मतदान होना है, यह प्रदेश के चौथे ओर अंतिम चरण का मतदान है। पूरे प्राणपण के साथ जुट कर अधिक से अधिक पार्टी के पक्ष में मतदान हो इस बात की चिंता हर कार्यकर्ता को करनी हैं। इस बार हर एक वोट नरेन्द्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने के लिए संकल्पित हैं। यह बात केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को उज्जैन में पार्टी प्रत्याशी अनिल फिरोजिया के समर्थन में आयोजित रोड शो में कही
शुक्रवार को चौथे चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन उज्जैन शहर केंद्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने रोड शो कर भाजपा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया को भारी मतों से विजय बनाने की अपील की। केंद्रीय मंत्री तोमर ने करीब 2 घंटे तक उज्जैन में रोड शो किया।
बंगाल में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी
रोड़ शो के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए तोमर ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी खुलेआम लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कर रही है जिस तरह भाजपा राष्ट्रीय के अध्यक्ष अमित शाह के रोड़ शो में उनके साथ व्यवहार किया गया। यह इस बात का प्रतीक है, कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। आने वाली 23 तारीख को एक बार फिर जनता भाजपा को चुनेगी इस बात पर मोहर लगेगी।
केंद्रीय मंत्री ने की जनता से अपील
केंद्रीय मंत्री तोमर का रोड़ शो किशनपुरा गोठवाल चौराहे से प्रारंभ होकर देसाई नगर, अशोक नगर चौराहा, वाल्मीकि नगर, घांस मंडी चौराहा,सांदीपनि चौराहा, एस एस हॉस्पिटल होते हुए लोकशक्ति भवन, शहीद पार्क, वासवानी प्लाजा चौराहा, तम्बाकू बाजार, टॉवर चौक पहुँचकर जनता से भाजपा को विजय बनाने की अपील की। रोड़ शो मे बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ता वंदे मातरम ओर भारतमाता के जय के नारे लगाते हुए आगे चल रहे थे।
ये नेता थे रोड़ शो में मौजूद
जनसंपर्क कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसोदिया, चिंतामणि मालवीय, भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ अभिलाष पांडे, विधायक मोहन यादव, महापौर मीना जोनवाल, अनिल जैन कालूहेड़ा, जिला अध्यक्ष विवेक जोशी, पूर्व विधायक सतीश मालवीय सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता, कार्यकर्तागण, जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।