प्रचार के पहले दिन से सभाओं में झूठ बोल रहे मोदी जी आज अंतिम दिन भी मध्यप्रदेश की धरती पर जमकर झूठ परोस गए: कमलनाथ

राजनीति May 17, 2019

अपने 5 साल के कामों का आज भी कोई हिसाब-किताब नहीं दिया

प्रधानमंत्री के रूप में एमपी में यह मोदी जी की अंतिम सभा,

जनता 2014 की गलती अब नहीं दोहरायेगी

खबरनेशन/Khabarnation 

भोपाल, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खरगोन की सभा में दिए गए संबोधन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उम्मीद थी मोदी जी आज प्रचार के अंतिम दिन मध्यप्रदेश में अपने 5 साल के कामों का हिसाब किताब देंगे। जनता के सवालों का जवाब देंगे लेकिन मेरठ से प्रचार प्रारंभ कर जो झूठ बोलना उन्होंने चालू किया उसे आज प्रचार समाप्ति के अंतिम दिन तक जारी रखा।

आज उन्होंने कहा कि किसानों के घर कर्ज वसूलने पुलिस जा रही है।पूरे मध्यप्रदेश में एक भी ऐसा उदाहरण नहीं है कि जहां मध्य प्रदेश की पुलिस किसी भी किसान के घर कर्ज की वसूली के लिए जा रही हो। उल्टा हमने तो 21 लाख किसानों का अपने वादे के मुताबिक दो लाख तक का कर्ज माफ किया है। हमने तो प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान के भाई व परिजनों का भी कर्ज माफ किया है। हमने तो उनके घर भी पुलिस नहीं भेजी तो प्रदेश के अन्नदाता किसानों के घर क्या भेजेंगे?

हमारी सरकार और कांग्रेस किसान हितेषी है। कांग्रेस ने तो अपने घोषणापत्र के अंदर भी वादा किया है कि कर्ज ना चुका पाने के कारण किसी भी किसान को अब जेल नहीं जाना पड़ेगा। उस पर अपराधिक मुकदमा नहीं चलेगा। हम तो किसानो का सम्मान के रक्षक है। आपकी शिवराज सरकार ने तो किसानो की छाती पर गोलियाँ चलवायी थी। उनके कपड़े उतारकर उन्हें जैल में बंद किया था। उस पर भी आप कुछ बोल देते।

हमारी कर्ज माफी के गवाह तो प्रदेश के 21 लाख किसान हैं और वैसे भी प्रदेश का किसान तो कर्ज माफी पर खुश होकर मोदी जी से सवाल पूछ रहा है आपने बोनस बंद क्यों किया? फसल के दाम क्यों नहीं बढ़ाए? बीमा कंपनियों को बीमा योजना के नाम पर करोड़ों रुपए का फायदा क्यों पहुंचाया? आपने किसानो की आय दोगुनी का वादा किया था, उसका क्या हुआ? आपकी पार्टी की मध्य प्रदेश में 15 वर्ष सरकार रही, आपकी दिल्ली में 5 वर्ष सरकार रही आपने तो किसानों का 1 रुपये का भी कर्ज माफ नहीं किया। फिर किस मुंह से आप कर्ज माफी पर सवाल उठा रहे हैं। आप पास बैठे शिवराज सिंह से कर्ज माफी की सच्चाई जान लेते कि उनके गृह ग्राम जैत के लोगों का व उनके परिवार के लोगों का कर्ज माफ हुआ है। उसके बाद आपको झूठ परोसने की आवश्यकता ही नहीं पड़ती।

नाथ ने बताया कि मोदी जी बिजली सप्लाई को लेकर भी आज फिर झूठ परोस गये। जबकि सच्चाई यह है कि प्रदेश में बिजली सरप्लस मौजूद है। बिजली का कोई संकट प्रदेश में नहीं है। आज भी डिमांड की शत-प्रतिशत पूर्ति हम कर रहे हैं।

मोदी जी एक ओर झूठ परोस रहे है कि कांग्रेस ने आदिवासियों का भला नहीं चाहती। अरे मोदी जी को तो यह बताना चाहिये था कि उन्होंने 5 साल में आदिवासियों के लिए क्या किया? हमारी सरकार तो वन अधिकार कानून लायी। हमने लघु वनोपज का न्यूनतम मूल्य निर्धारित किया। आदिवासियों के सम्मान की हम रक्षा कर रहे है। यह सरकार उनकी हितैषी है।

नाथ ने बताया कि आज की सभा में ना उन्होंने अच्छे दिन की बात की, ना दो करोड़ रोजगार की बात की, ना काला धन लाने की बात की, ना 15 लाख खाते में आने की बात की, ना किसानों की आय दोगुनी करने की बात की। आज भी वे सभा में 2022 तक किसानों को आय दोगुनी के सपने दिखाते रहे।

मोदी अब यह सही है कि अब देश प्रदेश की जनता 2014 की गलती नहीं दोहरायेगी और प्रधानमंत्री के रूप में आपकी मध्य प्रदेश की धरती पर यह अंतिम सभा साबित होगी।

Share:


Related Articles


Leave a Comment