आजादी के बाद से झूठ की राजनीति करती रही है कांग्रेसः नरेंद्रसिंह तोमर
केंद्रीय मंत्री ने कहा- मोदी जी के नेतृत्व में हुआ देश का विकास
खबरनेशन/Khabarnation
नीमच। पं. जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, मनमोहन सिंह तक सभी ने गरीबी हटाओ की बातें की और अब राहुल गांधी भी यही बात कह रहे हैं। अगर इतने सालों बाद भी कांग्रेस यहीं बात दोहरा रही है, तो अब तक उन्होंने सत्ता में रहते हुए क्या किया ? कांग्रेस आजादी के बाद से ही झूठ की राजनीति कर रही है। यह बात केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर ने नीमच में स्थानीय प्रत्याशी सुधीर गुप्ता के समर्थन में आयोजित रोड शो के दौरान कही। तोमर ने कहा कि गरीबी हटाओ कांग्रेस के लिए सिर्फ राजनैतिक नारा मात्र होकर रह गया है।
मोदी जी के नेतृत्व में मिली सफलता
तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कार्यकाल के 5 सालों में देश ने हर मोर्चे पर सफलता अर्जित की है। इन पांच सालों में देश में काफी विकास किया है। मोदी जी के कठोर निर्णय, कुशल नेतृत्व और आर्थिक सुधारों का परिणाम है कि भारत की अर्थव्यवस्था 11 वें स्थान से अब छठे स्थान पर पहुंच गई है।
कांग्रेस के भ्रमजाल को समझ गई जनता
तोमर ने कहा कि देश की जनता को भ्रमित कर वोटों का ध्रुवीकरण करने का कांग्रेस का पुराना इतिहास रहा है। अब देश की जनता कांग्रेस के भ्रमजाल को समझ चुकी है। देश की जनता ने नरेन्द्र मोदी के प्रति विश्वास दिखाया है। वर्तमान में भारत दुनिया की सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्था वाला देश है। हमारा देश पहली बार स्वाभिमान के साथ खड़ा है, चाहे आतंरिक सुरक्षा की बात हो या बाह्य सुरक्षा की।
मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर
तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। कांग्रेस सरकार तबादला उद्योग में लगी है। प्रदेश के चार महीने में अगर यह हालात हैं तो चार साल में यह सरकार क्या करेगी ? उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों का कर्जा माफ नहीं किया। अब बैंक उन्हें नोटिस भेज रहे हैं कि पैसा जमा करो, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने चुनाव के पहले बड़े बड़े वादे किए थे, लेकिन निभाए नहीं।