शहीद करकरे के अपमान पर, मोदी चुप क्यों है?: दिग्विजय

राजनीति Apr 23, 2019

यह कैसा राष्ट्रवाद?

खबरनेशन/Khabarnation  

भोपाल, आज सीहोर में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में दिग्विजय सिंह ने कहा कि मोदी जी शहीद हेमंत करकरे के अपमान पर चुप क्यों हैं? जो हर छोटी-छोटी बात पर ट्वीट करते हैं। भाजपा पर बोलते हुए कहा कि भाजपा खुद को राष्ट्रवादी कहती है और शहीद करकरे का अपमान भी करती है। करकरे का कसूर सिर्फ यह था कि आतंकवाद को पनपाने वालों के खिलाफ उन्होंने कार्रवाई की इस देश की रक्षा के लिए शहादत दी, करकरे का अपमान कैसा राष्ट्रवाद है?

सिंह ने कहा की मोदी जी कांग्रेस को राष्ट्रवाद ना सिखाऐं। कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई लड़ी, बलिदान दिया है। महात्मा गांधी की हत्या इसलिए हुई क्योंकि वह देश की एकता और अखंडता की बात करते थे। इंदिरा जी ने भी भारत के लिए बलिदान दिया अगर उन्होंने कार्रवाई नहीं की होती तो शायद पंजाब आज भारत का हिस्सा नहीं होता।

सिंह ने सवाल करते हुए पूछा कि भाजपा के किसी व्यक्ति ने आतंकवाद में नुकसान उठाया हो तो बताएं, मसूद अजहर कांग्रेस सरकार में गिरफ्तार हुआ। उसको भाजपा की सरकार में छोड़ा गया, भाजपा के वरिष्ठ मंत्री उसको छोड़ने गए साथ में एक लाख डालर भी आतंकियों को देकर आए।

सिंह ने कहा कि आप लोगों की गाढ़ी कमाई का पैसा नोटबंदी में मोदी जी ले गए और हंसकर मखौल उड़ाते हैं। सिंह ने अमित शाह पर कमीशन खोरी का आरोप लगाया। सिंह ने कहा कि मेरे खिलाफ कोई मुद्दा नहीं मिलता तो हिंदू विरोधी होने का आरोप लगाते हैं।

इस अवसर पर दिग्विजय सिंह ने सीहोर में कांग्रेस चुनाव कार्यालय का उदघाटन भी किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर, विधायक कुणाल चैधरी, पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह ठाकुर, पूर्व विधायक रमेश सक्सेना, सीहोर नगर पालिका के पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
वहीं कांग्रेस नेता माणक अग्रवाल ने अपने एक बयान में कहा है कि भाजपा से आलोक संजर का टिकट कटने के कारण भाजपा कार्यकर्ताओं में गुस्सा है। इसलिए उन्होंने प्रज्ञा साध्वी की नामांकन रैली में काले झंडे दिखाए और उत्पात मचाया ।

Share:


Related Articles


Leave a Comment