शेर बनकर जनता को खा रहे कांग्रेसी, फिर चूहा बना दें : शिवराजसिंह चौहान
खबरनेशन/Khabarnation
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में एक नए भारत का उदय हो रहा है। मोदी जी किसानों का मान हैं, माताओं का सम्मान हैं, नौजवानों की शान हैं, नए भारत की पहचान हैं और गरीबों के वरदान हैं।
चौहान ने कहा कि विपक्ष के पास मोदी जी के मुकाबले का कोई व्यक्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि गठबंधन बिना दूल्हे की बारात है। उन्होंने साधु बाबा की कहानी सुनाते हुए कहा कि जिस तरह साधु बाबा ने अपने आशीर्वाद से चूहे को शेर बना दिया था, उसी तरह जनता ने आशीर्वाद देकर कांग्रेस को आधी-अधूरी सत्ता दे दी। अब ये कांग्रेसी शेर बनकर जनता को ही खाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली 6 तारीख को कमंडल का जल छिड़ककर इन्हें फिर चूहा बना दीजिए।
उन्होंने कहा कि हमें मोदी जी को प्रधानमंत्री तो बनाना ही है, कांग्रेस को सबक भी सिखाना है। इसलिए अपने उम्मीदवार विष्णुदत्त शर्मा और डॉ. वीरेंद्र खटीक को अपना आशीर्वाद दीजिए और मोदी जी को फिर प्रधानमंत्री बनाइये।