भाजपा जनता की सेवा करती है, कांग्रेस तो ठगबंधन है: शिवराज सिंह चौहान

राजनीति Apr 21, 2019

पूर्व मुख्यमंत्री ने की प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह के समर्थन में जनसभाएं

दो-दो लाख के चक्कर में आ गए, अब किसी चक्कर में मत आता, ये झूठेलों की पार्टी है

खबरनेशन/Khabarnation  

जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश की जनता की सेवा करती है, लेकिन कांग्रेस तो राजा, महाराजा और उद्योगपतियों की पार्टी है। इनका तो नेता कौन है ? यह इनको ही नहीं पता है। यह गठबंधन की पार्टी है, जो देश-प्रदेश की जनता को ठगने का काम करती रही है और कर भी रही है। इनका ठगबंधन जनता को ठगने के लिए सक्रिय है। ये बातें प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने कही। वे रविवार को प्रदेश अध्यक्ष एवं पार्टी प्रत्याशी राकेश सिंह के समर्थन में जबलपुर जिले के कुंडम, शहपुरा में आयोजित जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने कभी भी कुर्सी की राजनीति नहीं की है। सत्ता में आए तो पूरे समय जनता की सेवा में समर्पित रहे। देश-प्रदेश का विकास किया। शिवराज सिंह चैहान ने कहा कि पहले देश पर आतंकवादी हमले होते थे तो कांग्रेस के प्रधानमंत्रियों के मुंह तक नहीं खुल पाते थे, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को घर में घुसकर सबक सिखाया है। पिछले पांच वर्षों में देश को विश्व स्तर पर एक पहचान दिलाई है। देश को ऐसे ही प्रधानमंत्री की जरूरत है।

अब किसी चक्कर में मत आना

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पहले तो सब दो-दो लाख रूपए के चक्कर में आ गए, लेकिन अब किसी भी चक्कर में मत आना। ये तो झूठेलों की पार्टी है। हमेशा से जनता के साथ छलावा करती रही है। पहले देश की जनता को गरीबी हटाओ का झांसा देती रही, लेकिन आज तक गरीबी नहीं हटा पाए। इन्होंने तो देश से ही गरीब हटा दिए। अब फिर से देश की जनता को गुमराह करके कुर्सी हथियाना चाहते हैं। कांग्रेस ने हमेशा से कुर्सी की राजनीति की है। इनका तो आज तक नेता ही तय नहीं हो पाया है। इनका हर दिन अलग-अलग नेता होता है। सोमवार को कोई तो मंगलवार को कोई और नेता तय हो जाता है। राहुल गांधी को तो कोई नेता ही नहीं मानता है। इनका ठगबंधन लोगों को ठगने के लिए सक्रिय है। 

जोड़-तोड़ की सरकार कब तक चलेगी

पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह तो जोड़-तोड़ की सरकार है, न जाने कब सरकार चली जाए। ऐसी ही जोड़-तोड़ की सरकार केंद्र में भी बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मुझसे भी जोड़-तोड़ करने के लिए कहा, लेकिन मैंने कह दिया कि प्रदेश में पूर्ण बहुमत वाली सरकार ही बनाएंगे। जुगाड़ की सरकार नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को वोट तो ज्यादा मिले, लेकिन सीटें कम मिल पाई।

किसानों-युवाओं से किया फरेब

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव में तो प्रदेश के किसान और युवाओं से फरेब करके सत्ता में आ गई है, लेकिन अब देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हवाले ही करना है, ताकि जनता इनके झूठों से बची रहे। उन्होंने कहा कि जबलपुर लोकसभा क्षेत्र में विकास के कई कार्य हुए हैं। आगे भी विकास की गंगा बहाना है। भाजपा ने हमेशा से विकास की राजनीति की है। हमारा तो मूल मंत्र ही सबका साथ-सबका विकास रहा है। इस मौके पर विधायक नरेंद्र मरावी, प्रणय पांडे, आशीष दुबे, राजेश दाहिया, डाॅ रवींद्र चिरपुरिया, डाॅ शिवप्रसाद चिरपुरिया, संजय पाठक, कमलेश साहू सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आम जनता मौजूद रही।

Share:


Related Articles


Leave a Comment