कांग्रेस सरकार बनने पर उपभोक्ता संरक्षण कानून को प्रभावी तरीके से लागू किया जायेगा: दिग्विजयसिंह
भोपाल के 85 वार्डों के उपभोक्ता प्रकोष्ट के अध्यक्षों की बैठक
खबरनेशन/Khabarntion
भोपाल, पूर्व मुख्यमंत्री और लोकसभा भोपाल के कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजयसिंह ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उपभोक्ता संरक्षण प्रकोष्ठ भोपाल के 85 वार्डों के महिला और पुरूष अध्यक्षों से रूबरू हुए।
दिग्विजयसिंह ने कहा कि उपभोक्ता प्रकोष्ठ का गठन राजीव गांधी की सरकार के समय हुआ था। इसके गठन का उद्देश्य उपभोक्ता कानून के माध्यम से गरीब उपभोक्ताओं की छोटी-छोटी समस्याओं का निदान कर उन्हें न्याय दिलाना था। कांग्रेस की सरकार आने पर इस प्रकोष्ठ को और सशक्त बनाकर इस काून को और प्रभावशाली तरीके से लागू किया जायेगा।
उन्होंने सभी 85 वार्डों की महिला और पुरूष प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने वार्डों में जाकर अधिक से अधिक मतदान के लिये लोगों को प्रोत्साहित करें। कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास और कांगे्रस सरकार की नीतियों से लोगों को परिचित करायें। खासकर अपने-अपने वार्डों के बूथों पर ही ध्यान केंद्रित करना है।
प्रकोष्ठ के अध्यक्ष हरिशंकर शुक्ला ने प्रदेश भर में कांग्रेस के पक्ष में चल रही गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष संदीप सूरी, सचिव माजिद कुरैशी, जिला वार्ड प्रभारी सहित फरीदा नूरजहां, फिजा, तब्स्सुम नाजिया और कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता सैयद शाहिद हुसैन ने किया।
होटल रंजीत में सिख समाज के सम्मेलन में पहुंचे दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह ने भोपाल के विभिन्न गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष व सिख समाज के लोगों से होटल रंजीत में संवाद किया। इस अवसर पर विभिन्न गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष, सिख समाज के प्रनिनिधियिों ने सिंह का स्वागत किया। कार्यक्रम में उपस्थित समाज के लोगों ने विभिन्न मांगों का प्रस्ताव श्री सिंह के सामने रखा। सिंह ने समाज के लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर विचार कर निराकरण किया जाएगा। जैसे मुख्यमंत्री रहते मैंने सदैव हर वर्ग, हर समाज के लिए काम किया है वैसे ही मैं आप लोगों के लिए काम करूंगा।
सराफा चैक स्थित बालाजी भक्त मंडल द्वारा आयोजित भंडारे में दिग्विजय सिंह ने पहुंचकर प्रसादी ग्रहण की और वहां उपस्थित श्रद्धालुओं से चर्चा की, उन्हें हनुमान जयंती की बधाई दी।