यह चुनाव देश को जोड़ने वाले और तोड़ने वालों के बीच हैं: डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे
खबरनेशन/Khabarnation
भिण्ड। यह चुनाव देश को जोड़ने वाले और देश को तोड़ने वालों की विचारधारा का समर्थन करने वालों के बीच का चुनाव हैं। भिण्ड-दतिया लोकसभा सीट से एक ओर भारतीय जनता पार्टी की जमीनी कार्यकर्ता बहन संध्या राय है तो दूसरी ओर टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथी यहां पर कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। अब आप यह खुद ही सोच लें कि भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की विचारधारा में कितना और किस बात का अंतर हैं। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीयता, न्याय, सामाजिक समरसता और देश की अखण्डता के लिए चुनाव लड़ती हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, सांसद एवं प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने सोमवार को भिण्ड में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे सोमवार को भिण्ड-गुना लोकसभा के प्रवास पर थे। भिण्ड के विद्यावती परिसर में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है और इस पार्टी का मूल आधार कार्यकर्ता है। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष व अटेर विधायक डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया, वरिष्ठ नेता श्री वेदप्रकाश शर्मा, संभागीय संगठन मंत्री शैलेन्द्र बरूआ, जिला अध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर, डॉ. दीपक सिंह भदौरिया, लोकसभा चुनाव संयोजक वीरेन्द्र सिंह राणा, पार्टी प्रत्याशी श्रीमती संध्या राय मंचासीन थीं।
कुछ दल प्रधानमंत्री के विरोध करते-करते देश का विरोध करने जुटे है
डॉ. सहस्त्रबुद्धे ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा उमर अब्दुल्ला और उनकी पार्टी का समर्थन किया। आज वे खुलेआम देश को तोड़ने की बात कर रहें हैं। उनका यह कहना कि अगर मोदी सरकार गई तो कष्मीर का प्रधानमंत्री अलग होगा। मैं उनसे जबाव लेना चाहता हूं कि क्या वह राहुल गांधी की भाषा को चरितार्थ कर रहे हैं। अगर देश को तोड़ने की बात होगी तो भारतीय जनता पार्टी चुप बैठने वाली नहीं है। उन्होंने विरोधी दलों पर जमकर निषाना साधते हुए कहा कि कुछ दल प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगे है। ऐसी विचारधारा रखने वाले दलों को जनता नकार चुकी है। जनता ने तय कर लिया हैं कि हम मोदी को ही पुनः प्रधानमंत्री चुनेंगे।
इंदिरा से लेकर अब तक सभी ने सिर्फ गरीबी हटाओ का नारा दिया
उन्होंने कहा कि गरीबी हटाओ का झूठ बोलने का कांग्रेस का पुराना इतिहास है। इंदिरा गांधी से लेकर राजीव गांधी और कांग्रेस के जितने भी प्रधानमंत्री रहे उन्होंने सिर्फ गरीबी हटाने का नारा दिया लेकिन वास्तविकता में गरीबी नहीं हटी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीबी पर प्रहार कर गरीबों का जीवन संवारने का काम किया है। उज्जवला योजना, आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना इस बात का प्रत्यक्ष उदाहरण है। प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना के माध्यम से किसानों की आय दोगुना करने के संकल्प के साथ किसानों को मजबूत करने का काम मोदी सरकार कर रही है।
कार्यकर्ता लहराए विजयी परचम
डॉ. सहस्त्रबुद्धे ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और परिश्रम के बल पर पार्टी आज सर्वोच्च स्थान पर पहुंची है। 2014 के चुनाव में कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से हमने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। हमें फिर से इतिहास दोहराना है और पुनः नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि मुझे पूरी उम्मीद हैं कि संगठन की एकता को मजबूत करते हुए सभी कार्यकर्ता चुनाव में जुटेंगे और भाजपा का परचम फहराएंगे।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य, जिलाध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर, पूर्व विधायक रसाल सिंह, मथुरा प्रसाद महंत, मुन्ना सिंह भदौरिया, श्रीराम जाटव, राकेश शुक्ला, केशव सिंह भदौरिया, अवधेश सिंह कुशवाह, कोक सिंह नरवरिया, रविसेन जैन, कृष्णकांता तोमर, राजेन्द्र शर्मा राजे तथा पदाधिकारी व कार्यकर्तागण मौजूद थे।