कांग्रेस ने देश को लूटा, मध्यप्रदेश में भी पकड़ा गया लूट का मालः शिवराजसिंह चौहान

राजनीति Apr 09, 2019

पूर्व मुख्यमंत्री ने कर्नाटक के चिचोली की सभा में कहा-मोदी ने बढ़ाया भारत का मान

खबरनेशन/Khabarnation   

बैंगलुरू। मध्यप्रदेश के लोगों को झूठे वादे करके मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने सरकार बना ली है, लेकिन तीन महीने में ही कलई खुल गयी है। अब कांग्रेस की सरकार के मुख्यमंत्री के करीबी के घर पर आयकर का छापा पड़ा, तो 281 करोड़ का भ्रष्टाचार पकड़ा गया। कांग्रेस पूरी भ्रष्टाचार में डूबी है, ये क्या नरेंद्र मोदी का मुकाबला करेगी। कांग्रेस ने अनेक घोटाले किए हैं। जहां भी उनकी सरकार रहती है, कांग्रेस केवल घोटाले करती है। कांग्रेस ने देश को लूट डाला है। आयकर विभाग की कार्यवाही से यह स्पष्ट हो गया है कि मध्यप्रदेश में पकड़ा गया माल लूट का है। यह बात प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान ने कर्नाटक के चिचोली में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में तीन महीनों में ही कांग्रेस सरकार की सच्चाई जनता के सामने आ गयी है।

कांग्रेस ने जनता को ठगा

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी सबसे बड़े झुठेले हैं। चुनाव से पहले उन्होंने बड़े- बड़े वादे किए थे। कहा था- किसानों का सारा कर्जा माफ करेंगे। मध्यप्रदेश में उन्होंने कहा था कि 10 दिन में कर्ज माफ नहीं हुआ, तो मुख्यमंत्री को बदल दूंगा। साढ़े तीन महीने में कर्ज माफी नहीं हुई। अब तक 11 मुख्यमंत्री बदल देना था। अब राहुल गांधी पूरे देश में दावा करते हैं कि हमने किसानों का कर्जा माफ कर दिया। उन्होंने कहा कि जिस दिन शाम पांच बजे से आचार संहिता लगनी थी, उस दिन दोपहर में एक बजे प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने मैसेज कर दिया, अब चुनाव के बाद देखेंगे कर्जमाफी। सरकार इंतजार ही कर रही थी कि आचार संहिता लग जाए, तो कर्जमाफी से पीछा छूटे। चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने मध्यप्रदेश में कहा था कि लाखों युवाओं को रोजगार देंगे, बेरोजगारी भत्ता देंगे। लेकिन न रोजगार मिला, न बेरोजगारी भत्ता। कांग्रेस ने हमेशा जनता को ठगा है। 

भाजपा को छोड़ हर दल वंशवादी

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस में एक परिवार का शासन है, लेकिन हमारे यहां वंशवाद नहीं चलता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार से कोई राजनीति में नहीं था। आम कार्यकर्ता से प्रधानमंत्री बने। अटलजीके परिवार में कौन राजनेता था? मैं भी छोटे गांव से हूं। मेरे पिताजी को कोई नहीं जानता। यहां देखिए, देवेगौड़ा का पूरा खानदान चुनाव लड़ता है। उन्हें अभी भी प्रधानमंत्री बनने की आशा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और जेडीएस दोनों वंशवादी हैं। कांग्रेस के सभी सहयोगी चाहे समाजवादी पार्टी हो, ममता दीदी की पार्टी हो, चंद्राबाबू नायडू की पार्टी हो, मायावती जी की पार्टी हो, सभी में वंशवाद चलता है। लेकिन मैं गर्व के साथ कहता हूं कि भारतीय जनता पार्टी में वंशवाद नहीं चलता, यहां प्रजातांत्रिक तरीके से आम कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया जाता है।

मोदी ने बढ़ाया भारत का मान

चौहान ने कहा कि हमें हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी पर गर्व है। उनके नेतृत्व में नए भारत का उदय हो रहा है। एक गौरवशाली भारत, वैभावशाली भारत, शक्तिशाली भारत और समृद्धशाली भारत का उदय हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले हमारे प्रधानमंत्री को विदेशों में कोई जानता नहीं था, लेकिन अब हमारे प्रधानमंत्री दुनिया में कहीं भी चले जाएं, हर जगह मोदी-मोदी के नाम से आसमान गूंज उठता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है।

भाजपा के लिए देश सबसे पहले

चौहान ने कहा कि भाजपा के लिए देश सबसे पहले है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार में मुंबई में आतंकी हमला हुआ, लेकिन सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। हमारे प्रधानंमत्री ने कहा था- हम किसी को छेड़ेंगे नहीं, और हमें छेड़ा, तो छोड़ेंगे नहीं। पुलवामा में हमला हुआ। हमारी वायुसेना ने जवानों के खून की एक एक बूंद का बदला लिया। लेकिन हमारे विरोधी कहते हैं, यह काम सेना ने किया, तुम श्रेय क्यों लेते हो। मैं पूछता हूं, सेना तुम्हारे समय में भी तो थी! उस समय भी सेना कहती थी, फ्री हैंड दे दो। लेकिन सरकार कहती थी पाकिस्तान नाराज हो जाएगा, चीन नाराज हो जाएगा और इसी डर में कोई कार्रवाई नहीं करती थी। अब नया भारत है। हम आतंकियों को पाताल में भी घुसकर मारेंगे। वे गोली चलाएंगे, तो हम गोले चलाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत सम्मान के साथ दुनिया में खड़ा रहेगा।

हमारा संकल्प पत्र विकास का रोडमैप

चौहान ने भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र की चर्चा करते हुए कहा कि हम डंके की चोट पर कहते हैं, कि कश्मीर में हमारी पूरी संख्या आने दो, हम धारा 370 हटा कर रहेंगे। एक देश में दो संविधान नहीं चलेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश के किसानों को धोखा दिया, लेकिन भाजपा ने फैसला किया है हर किसान को 6 हजार रुपए देंगे। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने तय किया है कि 60 साल से अधिक उम्र के किसानों को पेंशन देंगे। बिना ब्याज का कर्ज देंगे। छोटे दुकानदारों, गुमठीवालों को भी 60 साल की उम्र के बाद पेंशन देंगे। अगले पांच सालों में 1 लाख करोड़ रुपया इन्फ्रास्ट्रक्चर पर खर्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में हमारी सरकार ने बहुत अच्छा काम किया है। चारों तरफ सड़कों का जाल बिछ रहा है। रेल, रोड कनेक्टिविटी बढ़ रही है। हम बहनों को संसद और विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण देंगे। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प पत्र विकास का रोडमैप है।

घोड़ी पर 25 दूल्हे बैठ गए, तो क्या होगा

चौहान ने कहा कि एक तरफ हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी हैं, दूसरी तरफ गठबंधन। शादी की तैयारियों पूरी हो गई है, बारात सज गई है, घोड़ी तैयार है, लेकिन दूल्हे का पता नहीं है। श्री चौहान ने कहा कि विपक्षी गठबंधन बिना दूल्हे की बारात है। अगर दूल्हा कहकर पुकारो, तो 25 नेता तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जरा सोचिए ये 25 दूल्हे अगर घोड़ी पर बैठ गए, तो उसका क्या हाल होगा। उन्होंने कहा कि अगर इनकी सरकार बन गई, तो देश तबाह हो जाएगा। ये दिल्ली में एक-दूसरे को गालियां देते हैं, लेकिन यहां हाथ में हाथ डालकर घूम रहे हैं। ये बस इतना चाहते हैं कि किसी भी तरह मोदी को रोको, क्योंकि मोदी चोरों के खिलाफ है, भ्रष्टाचार के खिलाफ है। ये नेता मोदी के डर से इस तरह इकट्ठा हो गए हैं, जैसे बाढ़ से बचने के लिए हर तरह के जीव-जंतु किसी पेड़ पर एकत्र हो जाते हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में एक नए भारत का उदय हो रहा है। मोदी है, तो मुमकिन है। इसलिए ध्यान रखिए, इस बार कोई चूक न हो जाए। लोकसभा के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जिताइये और मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाइये।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment