ये चुनाव मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिये है: सुमित्रा महाजन

राजनीति Apr 09, 2019

मोदी के कार्यकाल में देश का मान-सम्मान बढ़ा है:  रमेश मेंदोला

देश में 55 साल एक ही परिवार का शासन रहा है: गोपीकृष्ण नेमा

लोकसभा चुनाव को लेकर क्षेत्र क्रं 2 अम्बेडकर मंडल के 4 वार्डो की बैठक संपन्न

खबरनेशन/Khabarnation  


इंदौर, भारतीय जनता पार्टी नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा, महामंत्री मुकेशसिंह राजावत, गणेश गोयल व घनश्याम शेर ने बताया कि लोकसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए आज विधानसभा क्षेत्र क्रं 2 अम्बेडकर मंडल के 4 वार्डो की बैठक सांसद सुमित्रा महाजन, लोकसभा संयोजक व विधायक रमेश मेंदोला, नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा, प्रदेश प्रवक्ता उमेश शर्मा, गणेश गोयल, कमल वाघेला, घनश्याम शेर, सुमित मिश्रा, सविता पटेल, गायत्री गोगड़े, कमल वर्मा एवं मंडल अध्यक्ष हरिहर पाण्डे की उपस्थिति में संपन्न हुई। 

बैठक में सांसद सुमित्रा महाजन ने कहा कि लोक संपर्क के दौरान हमें लोगों को यह बताना चाहिए कि चुनाव का मुद्दा क्या है, या फिर चुनाव क्यों होना चाहिए? क्या चुनाव इसलिए होना चाहिए कि कोई अपने परिवार को फिर से सत्ता में लाना चाहता है? चुनाव देश के लिए होना चाहिए। भाजपा का मानना है कि चुनाव देश के 50 करोड़ गरीबों के जीवन में नया प्रकाश लाने के लिए होना चाहिए। चुनाव देश के अर्थतंत्र को गति देने के लिए होना चाहिए। चुनाव देश को महाशक्ति बनाने के लिए होना चाहिए। चुनाव देश के गौरव को बढ़ाने के लिए होना चाहिए। चुनाव देश की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए होना चाहिए, चुनाव पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए होना चाहिए। 

यह चुनाव देश में फिर एक बार मोदीजी की सरकार बनाने का चुनाव है। मोदीजी को फिर प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। आप सभी कार्यकर्ताओं को यही संकल्प लेकर घर-घर जाकर मतदाताओं को अपना संदेश देना है। 

नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा ने कहा कि देश की जनता ने 70 साल मिलावट वाले दलों का शासन देखा है, जिनमें से 55 साल एक ही परिवार का शासन रहा है। लेकिन इन 70 सालों में कुछ नहीं हुआ। हम सभी जानते है देश में 30 साल से आतंकवाद चल रहा है, लेकिन आप ने क्या किया? कभी आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया था क्या? विपक्ष के नेता हम पर राजनीतिकरण का आरोप लगाते हैं। इनमें हिम्मत नहीं थी देश के जवानों के खून का बदला लेने की। इनमें हिम्मत नहीं थी पाकिस्तान और आतंकियों को मुहतोड़ जवाब देने की। लेकिन प्रधानमंत्री मोदीजी ने ये संभव कर दिखाया है। आप सवाल उठा रहे हो कि एयरस्ट्राइक हुई या नहीं। पाकिस्तान के मीडिया ने मान लिया, सेना ने मान लिया, संसद ने मान लिया, आतंकी संगठनों ने मान लिया। लेकिन आप क्यों नहीं मानते हो। ये देश के जवानों के पराक्रम पर शंका कर रहे हैं, इन्हें देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। लोकसभा चुनाव में आप और हम सब मिलकर देश की जनता के साथ इन्हें करारा जवाब देंगे। आपने उपस्थित कार्यकर्ताओं को चुनाव में प्रचार-प्रसार करने से संबंधित कई टिप्स दिये।

लोकसभा संयोजक एवं विधायक रमेश मेंदोला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 5 साल के शासन में जिस तरह का काम हुआ है आज तक कभी नहीं हुआ। देश का मान-सम्मान बढ़ा है, उसे देखकर भारतमाता भी गौरान्वित होंगी। आज देश में आवश्यकता है और जनता भी दोबारा मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती है। देश की सेनाएं पहले भी ताकतवर थीं, उनके पराक्रम पर किसी को संदेह नहीं था, लेकिन उनका मनोबल जितना ऊंचा है, वह सिर्फ मोदीजी के नेतृत्व में ही संभव हुआ है। हमारी सेनाओं ने साबित कर दिया है कि वे दुनिया की नंबर-1 सेनाओं में से हैं और उनके इस मनोबल और इच्छाशक्ति के बूते पर हम दुनिया के किसी भी शक्तिशाली देश के सामने सिर उठाकर खड़े हो सकते हैं। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता जनता का आशीर्वाद लेने के लिये इस युद्ध के मैदान में उतरेगा और देश में फिर से मोदी की सरकार बनेगी। बस इसी के लिये आप सब अपने पूरे मनोयोग के साथ मैदान में जाकर भारतीय जनता पार्टी को जनता का समर्थन दिलाये। 

बैठक में प्रदेश प्रवक्ता उमेश शर्मा, घनश्याम शेर ने भी मार्गदर्शन दिया। 

विधानसभा क्षेत्र क्रं 2 अम्बेडकर मंडल में वार्ड क्रं 18 की बैठक जय गोपाल कम्पाउण्ड बजरंगपुरा, वार्ड क्रं 19 की बैठक दीपशिखा गार्डन गणेशधाम कालोनी, वार्ड क्रं 20 की बैठक शुभकारज गार्डन, आनंद मिलन गार्डन के पास एमआर 10, वार्ड क्रं 21 की बैठक खाती समाज की धर्मशाला खातीपुरा में संपन्न हुई।

कल 10 अप्रेल को क्षेत्र क्रं 5 के तिलक मंडल के 6 वार्डो की बैठक

लोकसभा चुनाव की दृष्टि से कल 10 अप्रेल को क्षेत्र क्रं 5 तिलक मंडल के 6 वार्डो की बैठक आयोजित की गई है जिसमें वार्ड क्र 42 की बैठक साकेत क्लब में, वार्ड क्रं 43 की बैठक कालिंदी पार्क कम्युनिटी हॉल में, वार्ड क्रं 44 की बैठक भारती एकेडमी एम.आई.जी में, वार्ड क्रं 45 की बैठक अहिरवार समाज धर्मशाला में, वार्ड क्रं 46 की बैठक पंचम की फेल में तथा वार्ड क्रं 47 की बैठक अग्रवाल धर्मशाला में संपन्न होगी। 

Share:


Related Articles


Leave a Comment