भारतीय जनता पार्टी ने ही सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का मंत्र देश को दिया: शिवराजसिंह चौहान

राजनीति Apr 06, 2019

भाजपा के स्थापना दिवस पर प्रदेश भर में हुए कार्यक्रम

खबरनेशन/Khabarnation   

भोपाल। हम भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रवादी कार्यकर्ता हैं, जिनके लिए देश पहले, उसके बाद पार्टी और सबसे अंत में मैं। भारतीय जनता पार्टी ने ही सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का मंत्र देश को दिया। एकात्म मानव दर्शन का चिंतन देश को दिया, जो भारत की माटी और भारत की जड़ों से जुड़ा विचार है। यह भारतीय जनता पार्टी है,  जिसने दरिद्र को नारायण मानकर उसकी सेवा का व्रत लिया। जिसकी सरकार ने देश के विकास को नई दिशा और गति प्रदान की। भारतीय जनता पार्टी की राज्य सरकारों ने कई बीमारू राज्यों को विकसित राज्य बनाया। यह भारतीय जनता पार्टी है, जिसने सबका साथ सबका विकास के मूल मंत्र को अपनाकर देश को भावनात्मक एकता के सूत्र में बांधने का काम किया। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने देश को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाया। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने पार्टी के स्थापना दिवस पर प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही।

भारतीय जनता पार्टी के 39 वें स्थापना दिवस पर प्रदेश भर में मंडल स्तर पर विचार गोष्ठियां एवं कार्यक्रम संपन्न हुए। भोपाल में प्रदेश कार्यालय में पूजन-हवन के साथ 39 वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चैहान ने पूजन-हवन कर कार्यकर्ताओं को नववर्ष और पार्टी के स्थापना दिवस की शुभकामनांए दी। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, विजेश लुनावत, प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा, सांसद आलोक संजर, महापौर आलोक शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी  लोकेन्द्र पाराशर, सुरेन्द्रनाथ सिंह,  सुरजीत सिंह चौहान, अनिल अग्रवाल इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित थे। 

दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनने का सौभाग्य हमें मिला

चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पहले भारतीय जनसंघ की स्थापना 1951 में हुई थी और वहां से प्रारंभ होकर आज भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्री सुंदरसिंह भंडारी, श्री नानाजी देशमुख, राजमाता जी, श्री कुशाभाऊ ठाकरे जी जैसे महापुरुषों ने भारतीय जनता पार्टी के संगठन को खड़ा करने में अपने जीवन को होम कर दिया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने जनसंघ के काम को प्रारंभ कर देशव्यापी बनाया। श्री अटल जी और श्री आडवाणी जी की जोड़ी ने उस काम को और आगे बढ़ाया।

हमारे पास सक्षम और सशक्त नेतृत्व

चौहान ने डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पं दीनदयालजी का स्मरण करते हुए कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हमारे पास हमेशा सक्षम और सशक्त नेतृत्व रहा है। डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पं दीनदयालजी की जोड़ी ने जनसंघ को पुष्पित और पल्लवित किया। दीनदयालजी की संगठन क्षमता के आधार पर पहली संविद सरकार बनी। डॉ. मुखर्जी और पं दीनदयालजी के बाद अटल जी और आडवाणी जी की जोड़ी ने पार्टी को पूरे देश में मजबूती से खड़ा किया और एक नहीं कई राज्यों में तथा केंद्र में पहली बार भाजपा की सरकार बनी। श्रद्धेय अटल जी और आडवाणी जी की जोड़ी के बाद श्री नरेंद्र मोदी और श्री अमित शाह की जोड़ी ने आज भारतीय जनता पार्टी को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनाया। इस जोड़ी के नेतृत्व में देश की 16 राज्यों में आज भारतीय जनता पार्टी की सरकारे हैं।

भारतीय जनता पार्टी ने देश की सुरक्षा को सर्वोपरि माना

चौहान ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी है, जिसने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर आतंकवादियों के मनोबल को तोड़ दिया। अलगाववादियों को अलग-थलग कर दिया। भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा देश की सुरक्षा को सर्वोपरि माना। यह भारतीय जनता पार्टी है, जिसने कहा हम किसी को छेड़ेंगे नहीं, लेकिन कोई हमें छोड़ेगा तो हम उसे छोड़ेंगे भी नहीं। यह भारतीय जनता पार्टी है कि जिसने देश को अंतरिक्ष की बड़ी ताकत बना दिया। यह भारतीय जनता पार्टी है, जिसने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न, समृद्ध और शक्तिशाली भारत का निर्माण किया।

कांग्रेस का इतिहास भ्रष्टाचार का

शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की और जिसका दंश हमें जवाहरलाल नेहरू ने कश्मीर समस्या के रूप में दिया। कांग्रेस का भ्रष्टाचार को लेकर पुराना इतिहास रहा है। बोफोर्स कांड के बाद देश में लगातार भ्रष्टाचार के मामले उजागर हुए। आकाश, पाताल और यहां तक की टूजी, थ्रीजी में भी कांग्रेस ने भ्रष्टाचार किया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान 11 राज्यों में मेरा प्रवास हुआ है। पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की लहर है। मैं विश्वास के साथ यह कह सकता हूं कि उड़ीसा और पश्चिम बंगाल में भी चमत्कार होगा। अकेले भाजपा 300 सीट और एनडीए 400 सीटें जीतकर इतिहास रचेगा।  

वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का शाल श्रीफल से किया सम्मान

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल जिले के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का शाल श्रीफल और सम्मान पत्र देकर स्वागत किया। स्वागत भाषण देते हुए जिला अध्यक्ष विकास विरानी ने कहा कि देश में भारतीय जनता पार्टी ही एक मात्र दल है, जो देश को समग्र रूप में देखता है। देश की जनता की निगाहें भारतीय जनता पार्टी पर लगी हुई हैं। हमें अपने जीवन मूल्यों पर खरे उतर कर जनता का विश्वास हासिल करना है। कार्यक्रम का संचालन श्री अशोक सैनी ने किया। इस अवसर पर राकेश शर्मा, मनीष सक्सेना,  महेश शर्मा, नेहा बग्गा, जिला अध्यक्ष विकास विरानी, भगवानदास सबनानी, राघवेन्द्र गौतम, सुधीर जाचक, शशि सिन्हो, सरिता देशपाण्डे, राजेन्द्र गुप्ता, हरेन्द्रजीत सिंह, ओपी श्रोती, अभयप्रताप यादव, अंशुल तिवारी अश्विनी राय, श्रीमती वंदना जाचक, सविता यादव, बालिस्ता रावत सहित जिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment