विश्व की निगाह इस लोकसभा चुनाव पर: नरेन्द्रसिंह तोमर

राजनीति Apr 04, 2019

केन्द्रीय मंत्री ने पोहरी में ली भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक

खबरनेशन/Khabarnation  

शिवपुरी। लोकसभा का यह आमचुनाव नहीं है। देश ही नहीं पूरे विश्व की निगाह इस चुनाव पर है। इस दृष्टि से भी इस बार के चुनाव महत्वपूर्ण है। इसलिए इससे कोई फर्क नहीं पड़ता की प्रत्याशी कौन है और चुनाव कौन लड़ रहा है। हमें भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को ही जीत दिलाना है। यह बात गुरूवार को केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने शिवपुरी जिले के पोहरी में कार्यकर्ताओं की बैठक में कही। उन्होंने कहा कि मैं सांसद रहूं या ना रहूं यह महत्वपूर्ण नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं और भाजपा को हमें और ताकतवर बनाना है।

कांग्रेस भ्रमित, कर रही देश को गुमराह

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो घोषणा पत्र जारी किया है उसमें वह देशद्रोह की धारा को हटाना चाहती है। इसी तरह सेना को मिले विशेषाधिकार कानून से भी किनारा करना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह रुख क्या दर्शाता है ? कांग्रेस पूरी तरह भ्रमित है और देश को भी गुमराह करना चाहती है।

भारत में अब पाकिस्तान के घर में घुसकर जवाब देने की क्षमता

तोमर ने कुशाभाऊ ठाकरे जी, राजमाता जी और अटलबिहारी जी का स्मरण करते हुए कहा कि कैसे इन नेताओं ने अपने संघर्ष त्याग और बलिदान से पार्टी को आज इस मुकाम पर पहुंचाया है। हमें उस परंपरा का निर्वाह करते हुए पार्टी को सर्वोच्च की ओर ले जाना है और यह तभी संभव है जब नरेंद्र मोदी पुनः प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि आज मोदी के नेतृत्व में देश से गरीबी को दूर करने के प्रयास जारी हैं। रोजगार के अवसरों को बढ़ाया जा रहा है, वहीं दुनिया में भारत की एक अलग पहचान बनी है। तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत उस स्थिति में आ गया है कि वह पाकिस्तान के घर में घुसकर उसको जवाब देने की क्षमता रखता है।    

कांग्रेस ने किया हमेशा गरीबों का अपमान: अनूप मिश्रा

मुरैना सांसद अनूप मिश्रा ने कहा 1 साल में 10 हजार किलोमीटर नेशनल हाईवे बनाने का काम सिर्फ और सिर्फ भाजपा सरकार में ही हुआ है। जहां गैस कनेक्शन के लिए लाइन लगानी पड़ती थी वहां प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने गरीब और आदिवासी महिलाओं को मुफ्त में गैस कनेक्शन बांटे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय ही मध्य प्रदेश 18000 मेगा वॉट बिजली बनाने वाला प्रदेश बना। यही नहीं सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन करने वाला मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है। इसी तरह आज सिंचाई का रकबा 47 लाख हैक्टेयर तक पहुंचा है। उन्होंने कहा पिछले 70 सालों में कांग्रेस ने सिर्फ गरीबों का अपमान किया है।

यह थे मौजूद

बैठक में लोकसभा प्रभारी अभय चैधरी,जय सिंह कुशवाह, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर रावत,भाजपा जिला अध्यक्ष शिवपुरी सुशील रघुवंशी, विधायक कोलारस वीरेंद्र रघुवंशी, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती,राजू मांझी,सोनू विरथरे सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पोहरी मंडल के अध्यक्ष मौजूद थे।

 

  

Share:


Related Articles


Leave a Comment