दुनिया के सबसे बड़े झूठे हैं राहुल गांधी: शिवराजसिंह चौहान

राजनीति Apr 03, 2019

छत्तीसगढ़ के सुकमा और कोडागांव में ली पूर्व मुख्यमंत्री ने सभाएं

खबरनेशन/Khabarnation   

रायपुर। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ की जनता को कई सपने दिखाए। जनता से कई वादे किए। लेकिन सरकार बनने के बाद उन वादों को भुला दिया और एक भी वादा पूरा नहीं किया। कांग्रेस और राहुल गांधी इंटरनेशनल झुठेले हैं। ये दुनिया के सबसे बड़े झूठे हैं। यह बात बुधवार को म.प्र. के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ की बस्तर लोकसभा के सुकमा और कोडागांव में सभाओं को संबोधित करते हुए कही।

भाजपा सरकार ने किया छत्तीसगढ़ का विकास

सभा को संबोधित करते हुए शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की रमन सिंह सरकार ने छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक विकास किया है। उस सरकार ने सुकमा को जिला बनाया। कोंडागांव को कांग्रेस के विरोध के बावजूद जिला बनाया। अजा अजजा प्राधिकरण की स्थापना की। मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज खोले। भाजपा सरकार के समय में छत्तीसगढ़ आदिवासियों को वनाधिकार के पट्टे देने में देश का नं. 1 राज्य बन गया था। चौहान ने कहा कि प्रदेश में विकास के सबसे ज्यादा काम भाजपा की सरकार ने किए।

कांग्रेस की सरकार में ठप्प हुए विकास कार्य

भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनते ही विकास कार्य बंद हो गए है। सरकार ठप्प पड़ी है। सिर्फ तबादला उद्योग चल रहा है। ठेकेदारों से वसूली चल रही है। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है। अपराधी प्रदेश में खुलकर खेल रहे हैं। 15 साल सत्ता से बाहर रहने के बाद कांग्रेसी भूखों की तरह टूट पड़े हैं। जनता से भूपेश टैक्स वसूला जा रहा है। चारों तरफ लूट मची हुई है। यहां लॉ एंड ऑर्डर का मतलब हो गया है पैसे लाओ और ऑर्डर ले जाओ।

जनता ने बनाया इन्हें शेर, उसी पर गुर्रा रहे

चौहान ने एक साधु बाबा और चूहे की कहानी सुनाते हुए कहा कि बाबा ने जब चूहे को शेर बना दिया, तो वह उन्हें ही सबसे बड़ा खतरा मानने लगा और उन्हें खत्म करने की सोचने लगा। यह बात जब साधु बाबा को पता चली, तो उन्होंने अपने कमंडल से जल निकाला और शेर पर छिड़क कर कहा पुनर्मूसको भवरू। शेर फिर से चूहा बन गया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने विधानसभा चुनाव में आशीर्वाद देकर कांग्रेस की सरकार बनाई, लेकिन अब यह सरकार जनता को ही परेशान करने लगी है। अपने वचन पूरे नहीं कर रही है। इसलिए लोकसभा चुनाव में अपने वोट के जल से इन्हें फिर से चूहा बना दें।

झूठे वादे करना कांग्रेस की फितरत

चौहान ने कहा कि लोकसभा के चुनाव हैं, इसलिए कांग्रेस फिर जनता से झूठे वादे कर रही है। ये कांग्रेसी किसान कल्याण की बात कर रहे हैं और छत्तीसगढ़ के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने की बजाय स्वयं ही उसमें रोड़ा बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि झूठे वादे करना कांग्रेस की फितरत रही है। इन्होंने विधानसभा चुनाव के समय कहा कि कर्जमाफी करेंगे, बेरोजगारों को भत्ता देंगे। लेकिन इन्होंने न कर्जमाफी की, न ही बेरोजगारों को पैसा दिया। इन्होंने जब पुराने वादे ही पूरे नहीं किए, तो जनता के खातों में पैसे कैसे डालेंगे। उन्होंने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री पं. नेहरू ने गरीबी हटाने की बात कही, उसके बाद फिर इंदिराजी ने कहा गरीबी हटाओ का नारा दिया। लेकिन गरीबी नहीं हटी। फिर राजीव जी ने कहा गरीबी हटाएंगे, मनमोहन सिंह जी ने कहा गरीबी हटाएंगे। लेकिन कांग्रेस 50 सालों में गरीबी तो नहीं हटा सकी, गरीबों को ही हटा दिया। अब कहते हैं गरीबी पर सर्जिकल स्ट्राइक करेंगे। जब इन्होंने पुराने वादे ही पूरे नहीं किए, तो इन पर विश्वास किया जा सकता है क्या?

हमारे प्रधानमंत्री जी पर देश को गर्व है

सभा को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि विधानसभा में जो हुआ सो हुआ, लेकिन ये लोकसभा चुनाव हैं, इनमें वही गलती न करें। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जिन पर पूरे देश को गर्व होता है। हम जब उनकी बात करते हैं, तो सीना गर्व से भर जाता है। उन्होंने कहा कि हमने कांग्रेस का राज भी देखा है। मुंबई में आतंकी हमला हुआ, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों को मारने की हिम्मत नहीं की। अभी पुलवामा का हमला हुआ, जिसमें हमारे कई जवान शहीद हो गए। हमारे प्रधानमंत्री ने कहा था कि हम किसी को छेड़ेंगे नहीं, अगर किसी ने हमें छेड़ा, तो छोड़ेंगे नहीं। चौहान ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री ने यह करके भी दिखा दिया। इसलिए हमें फिर से उनके नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाना है।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment