कांग्रेस का घोषणापत्र देश की सुरक्षा पर क्रूरतम प्रहारः राकेश सिंह
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। कांग्रेस पार्टी स्वतंत्रता के बाद से लगातार देश की सुरक्षा से खिलवाड़ और सेना के शौर्य का अपमान करती रही है, लेकिन लोकसभा चुनाव के लिए जारी किया गया पार्टी का घोषणा पत्र तो देश की सुरक्षा पर क्रूरतम प्रहार है। ऐसा लगता है कि यह घोषणा पत्र किसी राष्ट्रवादी राजनीतिक दल का वचन पत्र न होकर दुश्मन देश द्वारा भारत और उसकी सेनाओं को नीचा दिखाने के लिए तैयार किया गया प्लान है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने कांग्रेस पार्टी द्वारा जारी किए गए घोषणा पत्र पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और कश्मीर जैसे संवदेनशील मामले को लेकर कांग्रेस के घोषणा पत्र में जो बातें कही गई हैं, उनसे लगता है कि शायद कांग्रेस पाकिस्तान और कश्मीरी अलगाववादियों के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ना चाहती है।
अपनी ही सेना को बताया अपराधी और बलात्कारी
राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि वह अफस्पा हटाएगी और कश्मीर में सेना के अधिकारों को कम करेगी। इससे ऐसा लगता है कि कांग्रेस ने कश्मीर में अलगाववादियों एवं आतंकवादियों से बैक एंड समझौता कर लिया है। राकेश सिंह ने कहा कि कश्मीर से अफस्पा हटाने का मतलब यह है कि सेना के पास से आतंकवादियों पर प्रहार करने के हथियार छीन लिए जायेंगे। इतना ही नहीं, कांग्रेस पार्टी ने वादा किया है कि वह अलगाववादियों से बात करेगी। उन्होंने पूछा कि किसको खुश करने के लिए कांग्रेस पार्टी ऐसा कर रही है ? क्या कारण है कि आतंकवादियों, अलगावादियों, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री और कांग्रेस का घोषणापत्र एक ही भाषा बोल रहे हैं। श्री राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र (घोषणापत्र की पेज संख्या 35, पॉइंट नंबर 6) में कहा है कि सेना नागरिकों को गायब कर रही है, ‘सेक्सुअल वायलेंस’ में शामिल है और लोगों को टॉर्चर करती है, जो पहले से ही कांग्रेस के तमाम नेता कहते आये हैं। राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र में कश्मीरी पंडितों के पुनर्वास और पाकिस्तान स्पोंसर्ड टेररिज्म पर कोई वादा नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि कल ही फेसबुक ने ऐसे पेज हटाये हैं जिनके जरिए कांग्रेस पाकिस्तानी सेना के साथ मिलकर मोदी सरकार को हराने की रणनीति बना रही थी। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस देश के खिलाफ बड़ी साजिश रच रही है।
कांग्रेस का इतिहास ही झूठे वादों का
राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास ही झूठे वादे करने का रहा है। 2004 के घोषणापत्र में कांग्रेस ने बिजली पहुंचाने का वादा किया था। 2009 और 2014 में भी यह कांग्रेस के घोषणापत्र में शामिल रहा, लेकिन इसे पूरा मोदी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में किया। इसी तरह 40 साल से पेंडिंग वन रैंक, वन पेंशन की बात को कांग्रेस ने 2004 के घोषणापत्र में लागू करने का वादा किया था। कांग्रेस इसे 10 सालों में भी पूरा नहीं कर पाई और मोदी सरकार ने एक साल में ही इसे लागू कर दिया। अब तक सैनिकों के खाते में लगभग 35,000 करोड़ रुपये की राशि पहुंचाई भी जा चुकी है। 2004 में कांग्रेस ने वादा किया था कि वह हर साल 2 अक्टूबर को पूरे किए गये वादों का लेखा जोखा जनता के सामने रखेगी, लेकिन आज तक कांग्रेस की सरकार में यह हुआ ही नहीं। कांग्रेस पार्टी ने 2011 तक देश के हर नागरिक को आधार कार्ड देने का वादा किया था, लेकिन 46 करोड़ लोगों को ही आधार से जोड़ पाई थी। मोदी सरकार ने देश के हर नागरिक को आधार से जोड़ा है। कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि वह सुरक्षा जरूरतों के लिए हाइएस्ट लेवल के कदम उठायेगी। राकेश सिंह ने कहा कि रहने दीजिये राहुल बाबा, आप 10 साल में एक लड़ाकू विमान का डील तो कर नहीं पाए, अब क्या कदम उठाओगे। कांग्रेस ने वादा किया है कि वह सबको स्वास्थ्य सुरक्षा देगी, जबकि 2013-14 तक केवल ढाई करोड़ लोग ही इस योजना से कवर्ड हो पाए थे। मोदी जी ने देश के 50 करोड़ गरीबों को पांच लाख रुपये तक की वार्षिक स्वास्थ्य बीमा दे दी है, लेकिन कांग्रेस शासित राज्यों की सरकारें इसे लागू नहीं कर रही हैं।
किसानों के लिए मगरमच्छ के आंसू
राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में किसानों के लिए जो बातें कही गई हैं, वे मगरमच्छ के आसुंओं की तरह दिखावटी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने 50 साल लंबे शासनकाल में देश के किसानों की दशा नहीं सुधार सकी, फिर अब उसके हाथ कौनसी जादू की छड़ी लग गई है। श्री राकेश सिंह ने कहा कि किसानों के प्रति कांग्रेस की सोच कांग्रेस शासित राज्यों में दिखाई देती है, जहां कर्जमाफी के नाम पर छले जाने के बाद कई किसान जान दे चुके हैं, या उसके लिए प्रयास कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि वह किसानों को सीधा लाभ पहुंचाने के लिए फीजिबिलिटी को एक्जामिन करेगी। लेकिन कांग्रेस 2004, 2009, 2014 में यही बात कह चुकी है और अब 2019 में भी यही कह रही है, जबकि मोदी सरकार ने देश के 12 करोड़ से अधिक किसानों को 6000 रुपये देने की शुरुआत भी कर दी है।
कांग्रेस बताए, न्याय के लिए कहां से लाएगी फंड
राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता कह रहे हैं कि न्याय के लिए अन्य योजनाओं में कटौती की जायेगी। कांग्रेस स्पष्ट करे कि इसके लिए फंड कहाँ से आयेगा। कांग्रेस ने न्याय को लागू करने की कोई रूपरेखा भी पेश नहीं की कि कितने सालों में कब तक लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कह रही है कि हर गरीब को हर साल 72000 रुपये मिलेंगे लेकिन सच्चाई यह है कि एक भी गरीब को 72000 रुपये कांग्रेस नहीं देगी। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के लिए आतुर कांग्रेस कोई भी वादा करने के लिए आमादा है, लेकिन न तो उसके पास इसके लिए रोड मैप होता है, न ही पार्टी इसके लिए कोई योजना बनाती है। यदि कांग्रेस वास्तव में देश के गरीबों को हर साल इतनी राशि देना चाहती है, तो उसे यह बताना चाहिए कि इसके लिए फंड का इंतजाम वह कहां से करेगी।