मेहनत की उपज मुफ्त लुटा रहे किसान, सो रही प्रदेश सरकारः रणवीर सिंह रावत

राजनीति Mar 10, 2019

खबरनेशन/Khabarnation  

भोपाल। किसानों के नाम पर मगरमच्छ के आंसू बहाने वाली कांग्रेस अपनी सरकार बनते ही किसानों को भूल गई है। सरकार की नीतियों के चलते अन्नदाता को अपनी मेहनत से उगाई गई फसल को लोगों को मुफ्त बांटने पर मजबूर होना पड़ रहा है, लेकिन कमलनाथ सरकार चैन की नींद सो रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री रणवीर सिंह रावत ने शुक्रवार को प्रदेश के खंडवा में प्याज उत्पादक किसानों के विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।

बाजार में प्याज का उचित मूल्य न मिल पाने से दुखी प्याज उत्पादक किसानों ने शुक्रवार को खंडवा में विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने पहले धरना दिया और फिर अपनी मेहनत से उगाई गई प्याज राहगीरों को मुफ्त में बांटना शुरू कर दिया। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत ने कहा कि विपक्ष में रहने के दौरान जरा सी बात पर शोर-शराबा मचाने वाली कांग्रेस को अब प्रदेश के किसानों की यह दुर्दशा दिखाई नहीं दे रही। रणवीर सिंह रावत ने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान जब इस तरह की स्थिति बनी थी, तो तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने तत्काल प्याज के समर्थन मूल्य की घोषणा करने सहित अन्य कदम उठाए थे। लेकिन किसान हितैषी होने का झूठा दावा करने वाली कांग्रेस और उसकी प्रदेश सरकार चैन की नींद सो रहे हैं। 

रावत ने कहा कि वास्तव में कांग्रेस कभी भी किसानों की हितैषी नहीं रही है, वह तो उन्हें सिर्फ सत्ता तक पहुंचने के लिए सीढ़ी के तौर पर इस्तेमाल करना चाहती थी। चाहे कर्जमाफी हो, प्राकृतिक आपदा से फसलों को नुकसान हो या समर्थन मूल्य, हर मामले में कांग्रेस सरकार ने किसानों का छला ही है, उनके साथ धोखा किया है। रणवीर सिंह रावत ने सरकार से मांग की कि वह प्याज उत्पादक किसानों से तत्काल चर्चा करे और उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए कदम उठाए।

Share:


Related Articles


Leave a Comment