प्रदेश सरकार गरीबों के पेट पर न मारे, हमसे बदला ले : भार्गव
खबरनेशन/Khabarnation
नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पुलवामा हमले के कारण 16 फरवरी को नहीं आए। प्रधानमंत्री इतने व्यथित थे कि दौरा रद्द कर दिया। मुझे अफसोस है कि प्रदेश के एक पूर्व मुख्यमंत्री आज सेना और बहादुर फौजियों पर शंका कर रहे हैं। पूछते हैं क्या सबूत है कि एयर स्ट्राइक हुई। लेकिन उनकी बीमारी है उंगलियां, जब तक वे मोबाइल पर उंगलियां नहीं चला लेते उन्हें नींद नहीं आती। वे आउट ऑफ डेट हो चुके हैं। वे मिस्टर बंटाढार रहे हैं। हमारे प्रधानमंत्री जी ने किसानों के लिए कई काम किए, लेकिन प्रदेश की सरकार ने किसानों के नाम नहीं भेजे। जिसके चलते किसान सम्मान निधि की राशि उन्हें नहीं मिल पा रही है। आवास योजना के मकान नहीं बन रहे हैं। मैं मध्यप्रदेश सरकार से से कहना चाहता हूं, गरीबों के पेट पर मत मारो। बदला लेना है तो हम से लो इन गरीबों से बदला मत लो। हम तो अपनी बात चुनाव में कर लेंगे। प्रदेश सरकार से पूछा जाना चाहिए कि प्रदेश सरकार जनहित की योजनाओं को क्यों लागू नहीं कर रही है। प्रधानमंत्री की तारीफ पूरी दुनिया में हो रही है, क्या कभी कांग्रेस के नेताओं ने उन्हें धन्यवाद दिया।
सबसे पहले भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने धार में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कहा कि इना आदिवासी धार जिला मां सब मजा में छै। राजा भोज की जय। मां नर्मदा मां सरस्वती की भूमि को नमन। मालव माटी धीर गंभीर, डग-डग रोटी पग-पग नीर। यही कहते हैं न मालवा के बारे में। देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व मिटाने वाले जननायकों की भूमि, चंद्रशेखर आजाद जैसे वीरों और कुशाभाऊ ठाकरे जैसे तपस्वियों की भूमि को मैं प्रणाम करता हूं। धार, झाबुआ, अलीराजपुर के लोग मुझसे भली भांति परिचित हैं। मैं आपके इलाके और आपकी समस्याओं को जानता हूं। पहले मुझे 16 फरवरी को धार आना था, लेकिन पुलवामा हमले के कारण वो कार्यक्रम टल गया था। आज ऐसे समय में आया हूं, जब उस हमले का मुहतोड़ जवाब हमारी वायुसेना द्वारा आतंकियों के घर में घुसकर दिया जा चुका है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आदिवासी परंपरा से साफा पहनाकर, तीर कमान सौंपकर स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, लोकसभा प्रभारीस्वतंत्रदेव सिंह, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, वरिष्ठ नेता विक्रम वर्मा, सांसद डॉ. सत्यनारायण जटिया, मनोहर उंटवाल, सावित्री ठाकुर, सुभाष पटेल, प्रदेश मंत्री कविता पाटीदार, विधायक चेतन्य काश्यप, नीना वर्मा, उषा ठाकुर, पूर्व मंत्री अंतरसिंह आर्य, अजजा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष गजेन्द्र पटेल, रंजना बघेल, निर्मला भूरिया, भवरसिंह शेखावत, नागरसिंह चौहान, जिला अध्यक्ष राज बरफा सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।