मोदी के विरोध में भारतमाता को कलंकित कर रहे विपक्षीः शिवराजसिंह चौहान

राजनीति Mar 01, 2019

खबरनेशन/Khabarnation  

रैली के शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि पहले देश के प्रधानमंत्री कहीं जाते थे, तो चर्चा तक नहीं होती थी। अब हमारे प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, हर जगह मोदी-मोदी के नारे सुनाई देते हैं। चौहान ने कहा कि मोदी जी ने संकल्प लिया है,  आतंकवाद को खोद कर गाड़ देंगे। एयर स्ट्राइक के बाद पूरा देश आज गौरव से भरा है, लेकिन कुछ लोग मोदी जी से सवाल करते-करते भारत के गौरव पर सवाल उठा रहे हैं। चौहान ने कहा कि धिक्कार है कांग्रेस,मायावती, ममता, अखिलेश, चंद्राबाबू को, इतनी शर्म तो करो, कम से कम मोदी जी के विरोध में भारत माता को कलंकित मत करो। उन्होंने कहा कि मोदी जी का विरोध करते-करते अब ये विपक्षी नेता भारतविरोधी हो गए हैं। चौहान ने कहा कि आज भारत का मान, सम्मान और स्वाभिमान देखकर हमारा सीना गर्व से भर जाता है। लेकिन सोचिए, अगर कोई दूसरे आ गए, तो देश का क्या होगा। ये लोग देश को चील-कौवे की तरह नोंच डालेंगे। उन्होंने मध्यप्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता दो महीने में ही त्राहि-त्राहि कर रही है। चौहान ने कहा कि भारत को नं.1 राष्ट्र बनाने के लिए मोदी जी को फिर प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लें।

Share:


Related Articles


Leave a Comment