देश की सुरक्षा और स्वाभिमान के लिए फिर मोदी सरकार बनाने का संकल्प लें कार्यकर्ता: अमित शाह
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया विजय संकल्प बाइक महारैली का शुभारंभ
खबरनेशन/Khabarnation
उमरिया। देश को सुरक्षित कौन रख सकता है ? देश के सम्मान और इसके गौरव को कौन बढ़ा सकता है? देश को दुनिया की सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्था और एक महाशक्ति कौन बना सकता है? क्या 23 पार्टियों का महागठबंधन ये काम कर सकता है? इन सभी सवालों का एक ही जवाब है और वो है-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। देश की सुरक्षा और उसके स्वाभिमान के लिए सभी कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी जी को एक बार फिर देश का प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लें। यह बात शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश के उमरिया में विजय संकल्प बाइक महारैली का शुभारंभ करते हुए कही। इस अवसर पर आयोजित समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, महासचिव अनिल जैन, लोकसभा चुनाव प्रभारी स्वतंत्रदेवसिंह, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते, सांसद ज्ञान सिंह आदि उपस्थित थे।
ये चुनाव फिर मोदी जी की सरकार बनाने के लिए है
राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अपने भाषण की शुरुआत पाकिस्तान के एफ-16 विमान को मार गिराने वाले शूरवीर विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान के स्वागत के साथ की। शाह ने कहा कि आज देश के अलग-अलग हिस्सों में 1 करोड़ से ज्यादा पार्टी के कार्यकर्ता बाइक महारैली में निकले हैं। हम रिकॉर्ड के पचड़े में नहीं पड़ते, लेकिन ये भी एक विश्व रिकॉर्ड बनने जा रहा है कि मोदी जी को जिताने के लिए देश भर में 1 करोड़ से ज्यादा मोटरसाइकलें एक साथ निकली हैं। ये कार्यकर्ता हर गांव-गांव, गली-गली जाएंगे। शाह ने कहा कि आने वाला चुनाव देश फिर एक बार मोदी जी की सरकार बनाने का चुनाव है। मोदी जी को फिर प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। यही संकल्प लेकर देश में 1 करोड़ कार्यकर्ता निकले हैं,जो देश के सवा सौ करोड़ मतदाताओं को अपना संदेश देंगे।