मुख्यमंत्री बताए प्रदेश में बढ़ते अपराध से जनता का विश्वास कैसे बढेगा ? : गोपाल भार्गव
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ स्वयं स्वीकारते है कि नीति से नहीं विश्वास और वातावरण से निवेश आता है लेकिन आपकी सरकार में विश्वास के बजाय संगठित अपराध बढ़ा है। लूट, हत्या और अपहरण की घटनाएं आम बात हो चुकी है। जनता में असुरक्षा का माहौल है। मुख्यमंत्री जी बताए प्रदेश में बढ़ते अपराध से जनता का विश्वास कैसे बढेगा ? नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री कमलनाथ से आग्रह करते हुए कहा कि आप निवेश के बजाय प्रदेश के आमजन में भयमुक्त वातावरण देने की कोशिश करेंगे तो जनता के हित मे होगा।
गोपाल भार्गव ने कलेक्टर कमिश्नर की बैठक में मुख्यमंत्री के निर्देश पर कहा कि श्री कमलनाथ लोकसभा चुनाव से पहले सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग की जमावट कर रहे है। कांग्रेस नेताओं द्वारा अधिकारियों पर दबाव बनाया जा रहा है। जब कांग्रेस नेता अधिकारियों को काम ही नही करने दे रहे तो फिर कलेक्टर को राज्य सरकार का चेहरा क्यों बताया जा रहा।
गोपाल भार्गव ने कहा कि कर्ज माफ़ी के नाम पर किसानों की अंश पूंजी पर डाका डालने काम सरकार कर रही है। किसान कर्ज माफी के नाम पर कमलनाथ सरकार द्वारा कलेक्टर के जरिये सोसायटी पर दबाब बनाया जा रहा है। सहकारिता विभाग के आदेश से किसानों की अंश पूंजी से कर्जमाफी का एक हिस्सा लिया जा रहा है जो की दुर्भाग्य पूर्ण है। विभागीय मंत्री गोविंद सिंह भी स्वीकार चुके है कि कर्जमाफी से सहकारिता बैंको की हालत खराब हो गयी है। उन्होंने कहा कि जब कर्जमाफी का वचन दिया तो सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि वो सभी किसानों का कर्ज माफ करे लेकिन कमलनाथ की यूटर्न सरकार सहकारिता के आदेश निकाल कर कर्जमाफी पर भी यू टर्न ले रही है। किसानों का पैसा किसानों को देकर सिर्फ सहकारी बैंकों को खत्म किया जा रहा है।