बंगाल में भाजपा की लोकप्रियता को हिंसा से दबाना चाहती हैं ममता बनर्जी: विष्णुदत्त शर्मा

राजनीति Jan 31, 2019

खबरनेशन/Khabarnation  

भोपाल। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। पार्टी अध्यक्ष श्री अमित शाह की रैलियों और सभाओं में उमड़ रही भीड़ को देखकर इसका अंदाज लगाया जा सकता है। लेकिन पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी तृणमूल कांग्रेस भाजपा की इस लोकप्रियता को हिंसा के बल पर मिटाना चाहती है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा ने पूर्वी मिदनापुर में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की रैली के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं की बस पर हुए हमले, तोड़फोड़ और आगजनी की घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मंगलवार को पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर में रैली थी। इसके बाद उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया था। रैली के समाप्त होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं को लाने वाली बस पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। उन्होंने बस के अलावा कई अन्य वाहनों में भी तोड़फोड़ की और एक बाइक को आग लगा दी। इस हमले भाजपा के कई कार्यकर्ता और आम नागरिक घायल हुए हैं। इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामत्रीं विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी और उसकी नीतियां तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं। विगत वर्षों में ममता सरकार के दमन के बावजूद पार्टी का जनाधार पश्चिम बंगाल में बढ़ा है। वहां आयोजित की जा रही राष्ट्रीय अध्यक्ष  अमित शाह और अन्य नेताओं की रैलियों एवं सभाओं में अपार जनसमूह देखा जा सकता है। ममता बनर्जी और उनकी तृणमूल कांग्रेस को यह अहसास हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में उठ रहे लोकप्रियता के इस ज्वार को दबा पाना संभव नहीं है। इसी के चलते ममता सरकार ने पार्टी अध्यक्ष शाह की प्रस्तावित रथ यात्रा में कानूनी अड़ंगे लगा दिए। लेकिन इससे पार्टी की लोकप्रियता रत्ती भर भी कम नहीं हुई। इससे बौखलाकर अब ममता बनर्जी और उनकी तृणमूल कांग्रेस भाजपा के समर्थन में उठ रही जनता की आवाज को दबाने के लिए हिंसा और गुंडागर्दी का सहारा ले रही है। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ममता सरकार के इन हथकंडों से डरने वाले नहीं है और बंगाल की जनता आगामी लोकसभा चुनाव में ऐसी हर कोशिश का मुंहतोड़ जवाब देगी।

Share:


Related Articles


Leave a Comment