खुजनेर की घटना को मामूली बताकर राष्ट्रद्रोहियों को संरक्षण दे रही कांग्रेस: रामेश्वर शर्मा
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। खुजनेर में गणतंत्र दिवस पर आयोजित समारोह में देशभक्ति गीतों के बजने पर किसे आपत्ति हो सकती है? लेकिन कुछ हथियारबंद लोगों ने इसी बात को लेकर कार्यक्रम के आयोजकों पर हमला कर दिया। यह मामूली घटना नहीं है, बल्कि राष्ट्रद्रोह है। कांग्रेस की सरकार इस घटना को मामूली घटना बताकर राष्ट्रद्रोहियों को संरक्षण देने का काम कर रही है। यह बात सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रामेश्वर शर्मा ने राजगढ़ जिले के खुजनेर में 26 जनवरी को हुई घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही। उन्होंने इस घटना में चार स्कूली बच्चों समेत 12 लोगों के घायल हो जाने पर दुख व्यक्त किया।
राजगढ़ जिले के खुजनेर में 26 जनवरी को एक मांगलिक भवन में गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बज रहे देशभक्ति गीत पर कुछ लोगों ने आपत्ति ली और आयोजकों पर लाठी-फरसे से हमला कर दिया। इसके बाद वहां भगदड़ मच गई, जिसमें स्कूली बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए। इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने कहा है कि राष्ट्रद्रोहियों को संरक्षण देना और उनका तुष्टिकरण करना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है। इसी के चलते कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जेएनयू पहुंचकर टुकड़े-टुकड़े गैंग की राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को अभिव्यक्ति की आजादी का मामला बताया था। अब कांग्रेस की सरकार प्रदेश में भी यही काम कर रही है। सिंह ने कहा कि खुजनेर की घटना के बारे में एक बच्चा भी बता सकता है कि हमलावर कौन था और वह किस बात से नाराज था। लेकिन पुलिस ने इस मामले में दो पक्षों पर मारपीट का मामला दर्ज किया है। वहीं, प्रदेश की कांग्रेस सरकार के गृहमंत्री बाला बच्चन इसे मामूली मारपीट बता रहे हैं, जबकि यह स्पष्ट रूप से राष्ट्रद्रोह और सरासर गुंडागर्दी का मामला है। सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने वोट बैंक को साधने की कोशिश में इस घटना को मामूली बताकर राष्ट्रद्रोहियों को संरक्षण दे रही है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ऐसा होने नहीं देगी। शर्मा ने कहा कि यदि कांग्रेस सरकार इस मामले के कसूरवारों पर राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज नहीं करती है, तो भारतीय जनता पार्टी जनजागरण के जरिए प्रदेश के लोगों को कांग्रेस का असली चेहरा दिखाएगी।