केंद्र सरकार ने कसी नकेल, तो षड्यंत्र करने लगी हैं राष्ट्र विरोधी एजेंसियां
खबरनेशन/Khabarnation
प्रदेश पदाधिकारियों और अन्य बैठकों में महाकुंभ एवं चुनाव के संबंध में लिए रामलाल जी ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश
भोपाल। आगामी 25 सितम्बर को राजधानी भोपाल में आयोजित किए जा रहे कार्यकर्ता महाकुंभ को लेकर प्रदेश के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। इस महाकुंभ में प्रत्येक बूथ से 20 कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रदेश के विभिन्न अंचलों से महाकुंभ में आने वाले कार्यकर्ताओं को किसी तरह की अव्यवस्था या परेशानी का सामना न करना पड़े, इसे लेकर पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री रामलाल जी ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा-विभाग प्रमुखों आदि से विचार-विमर्श किया। उन्होंने आगामी चुनाव के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए नेताओं को।
एक पत्रकारवार्ता में यह जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री बंशीलाल गुर्जर ने बताया कि रामलालजी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से राष्ट्रविरोधी एजेंसियों के प्रपंचों से सतर्क रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने जब इन एजेंसियों पर नकेल कसी, तो ये बौखला गई हैं और विभिन्न राजनीतिक दलों को आगे रखते हुए कई तरह के षड्यंत्र रचकर राष्ट्र को अस्थिर करने का प्रयास कर रही हैं। बैठक में केंद्रीय मंत्री एवं चुनाव अभियान समिति के प्रमुख नरेंद्र सिंह जी, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह , राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन, राज्यसभा में मुख्य सचेतक नारायण भाई पंचारिया, दिल्ली प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतीश उपाध्याय एवं प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत विशेष रूप से उपस्थित थे।