व्यापम के बाद पी.एस.सी. घोटाले से प्रदेश के युवाओं का सरकार पर विश्वास खत्म हुआ: अजय सिंह

राजनीति Aug 21, 2018

खबरनेशन/Khabarnation  जांच एजेंसियों की साख दांव परमामा जी वी. आई. पी. शब्द के असली चेहरे को सामने लाए

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने न्याय यात्रा के दूसरे दिन सागर जिले में 6 जनसभाएं और रोड शो किये

भोपाल, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने न्याय यात्रा के दूसरे दिन सागर जिले में 6 जनसभाएं और रोड शो किए। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि व्यापम महाघोटाले के बाद पी.एस.सी. भर्ती परीक्षा में भी घोटाले सामने आने के बाद अब प्रदेश के युवाओं का इस सरकार से विश्वास ही उठ गया है और उन्होंने कहा पूरे देश में मध्यप्रदेश की छवि खराब हुई है। श्री सिंह ने कहा की यह कौन मामा है जो भांजों के साथ विश्वासघात कर रहा है। सी.बी.आई. को उसका असली चेहरा सामने लाना चाहिए। सिंह सागर जिले में न्याय यात्रा के दूसरे दिन मकरोनिया, कर्रापुर, बंडा, बांदरी, खुरई और बीना में विशाल जन-सभाओं को संबोधित कर रहे थे।

            नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा की घोटालों से भ्रष्टाचार से प्रदेश के मुख्यमंत्री का चोली-दामन का साथ रहा है। डम्पर से शुरू हुए तो आज पी.एस.सी. घोटाले तक में लिप्त होने का आरोप है। उन्होंने सवाल किया कि क्या बात है कि प्रदेश में कोई भी घोटाला होता है तो उसके तार मामा से ही क्यों जुड़ जाते हैं।  सिंह ने कहा कि प्रदेश की शिक्षा और उसके बाद भर्ती प्रक्रिया में जिस तरह शिवराज सरकार ने घोटाले और भ्रष्टाचार किए हैं उससे प्रदेश का युवा न केवल ठगा महसूस कर रहा है बल्कि वह अपने भविष्य को अंधकार में देख रहा है।सिंह ने कहा कि जांच एजेंसियों की साख दाव पर है वे मामा के वी.आई.पी. जैसे शब्दों की तह तक पहुंचे और असली चेहरे को सामने लाएं।

            नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान अपने शर्मनाक कार्यकाल के बाद किस बात की जन-आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। क्या व्यापम और पी.एस.सी. जैसे घोटाले के बाद युवाओं से उन्हें आशीर्वाद चाहिए? क्या अपनी उपज का वाजिब मूल्य न मिलने और छाती पर गोली चलाकर हत्या करने वालों को माफ कर देने के लिए किसानों का आशीर्वाद चाहिए? क्या कर्ज के कारण 20 हजार किसानों ने आत्महत्या की उनके परिवारों से आशीर्वाद मांगने निकले? सिंह ने कहा कि जो मुख्यमंत्री 14 साल तक गरीबों, किसानों को बिजली बिल न भरने पर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर रहा हो उन्हें जेल में डाल रहा हो उनके सामान की कुरकी कर रहा हो वह मुख्यमंत्री 15 साल में चुनाव के 4 माह पहले गरीबों और किसानों का हितेषी कैसे बन सकता है।  सिंह ने कहा आज मध्यप्रदेश में एक धोखेबाज, ठग और हत्यारी सरकार है। इस सरकार ने प्रदेश के हर वर्ग से वादा खिलाफी की है। अब वक्त आ गया है कि इस सरकार को उखाड़ फेंके।

Share:


Related Articles


Leave a Comment