तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का व्यवहार बताता है कि पार्टी का अंत निकट : संजर
खबरनेशन/Khabarnation भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल के 24 परगना में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा स्वर्गीय अटल जी के पोस्टर फाड़ने तथा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से मारपीट किए जाने की घटना की कड़ी निंदा की है। सांसद एवं प्रदेश प्रवक्ता आलोक संजर ने कहा है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं का यह कृत्य बताता है कि अब उनकी पार्टी की सत्ता का अंत निकट आ गया है और पश्चिम बंगाल में कमल खिलने की आहट से बौखलाकर वे हिंसक और मनमाना व्यवहार कर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल के 24 परगना में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी को श्रद्धांजलि देने के लिए शुक्रवार को एक सभा का आयोजन किया था। अचानक तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता वहां आ धमके और उन्होंने स्व. अटलजी की तस्वीरों वाले पोस्टर फाड़ दिए तथा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से बुरी तरह मारपीट की। मारपीट में पार्टी के दो कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हैरानी की बात यह है कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता जब पुलिस में शिकायत दर्ज कराने गए, तो पुलिस ने उन्हें बिना शिकायत दर्ज किए लौटा दिया।
संजर ने तृणमूल कार्यकर्ताओं की इस गुंडागर्दी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि स्व. अटल जी ने राजनीतिक मतभेदों के बावजूद कभी किसी दल या नेता से मनभेद नहीं रखा। सभी के प्रति समभाव रखने वाले नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित सभा में आतंक फैलाकर तृणमूल कार्यकर्ता क्या संदेश देना चाहते हैं ? उन्होंने कहा कि एक तरफ पार्टी की नेता और मुख्यमंत्र ममता बनर्जी स्व. अटलजी को सबसे ज्यादा सम्मान देने की बात कहती हैं, दिल्ली जाकर उन्हें श्रद्धांजलि देती हैं, वहीं उनके कार्यकर्ता पश्चिम बंगाल में स्व. अटलजी के प्रति श्रद्धा रखने वालों को आतंकित कर रहे हैं। पार्टी की नेता और कार्यकर्ताओं का यह व्यवहार विरोधाभासी है। संजर ने कहा कि संभवतः अपनी सत्ता के अंत को नजदीक देखकर ही तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता बौखला उठे हैं।