भाजपा ने जो वादाखिलाफी की हैं उसका प्रायश्चित करे

राजनीति Apr 11, 2018

भाजपा फासिस्टवादी हैं, लोकतंत्र की रक्षा सिर्फ नौटंकी

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि पौधरोपण घोटाले का सोशल ऑडिट हो

भोपाल। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा हैं कि भाजपा द्वारा लोकतंत्र की रक्षा के नाम पर जो नौटंकी की जा रही हैं, उसकी बजाय भाजपा को पिछले 4 सालों में जनता के साथ जो धोखाधडी की हैं, किए गए वायदों को नहीं निभाया हैं, उसके लिए प्रायश्चित उपवास करना चाहिए। सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की हत्या भाजपा ने की हैं और आज देश में सबसे बड़ा खतरा भी लोकतंत्र को भाजपा से ही हैं।

नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि भाजपा का पूरा रवैया फासिस्टवादी हैं। वह किसी भी मुद्दे पर जनतांत्रिक फोरम पर चर्चा करने से हमेशा बचती हैं, इसका उदाहरण हैं कि किस तरह मंत्री रामपाल सिंह के ऊपर प्रीति रघुवंशी आत्महत्या कांड पर सदन में चर्चा करने से भाजपा सरकार बची और उसने अलोकतांत्रिक ढंग से सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करा दिया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सच को छुपाने के लिए और मुद्दों पर चर्चा होने से रोकने के लिए स्वयं भाजपा ससंद का सत्र न चलने देने के लिए जिम्मेदार हैं।

प्रीति रघुवंशी आत्महत्या कांड - नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि आज 26 दिन के बाद भी मंत्री रामपाल सिंह और उनके पुत्र तथा परिजनों के खिलाफ एफआईआर तो दूर पूछताछ भी नहीं की। उल्टा आईजी रैंक का एक अधिकारी उनके घर चाय पीने जाता हैं और जो तर्क दिया जाता हैं, उस पर पूरे प्रदेश की जनता हंस रही हैं। भाजपा की यही संस्कृति हैं। इसके पहले भी जब राज्यमंत्री लाल सिंह आर्य विधायक माखनलाल जाटव हत्याकांड के मामले में अदालत के जारी गिरफ्तारी वारंट के मामले में फरार थे, तब मुख्यमंत्री ने अपने चैम्बर में उनकी डीजीपी से मुलाकात कराई थी। मेरा आरोप हैं कि मध्यप्रदेश में पुलिस कानून व्यवस्था की रक्षक नहीं बल्कि भक्षक बन गई हैं। और खुलेआम बेशर्मी, निर्लज्जता के साथ राजनीतिक इशारों पर अपराधियों को संरक्षण दे रही हैं और भाजपा की कठपुतली बन गई हैं।

2 अप्रैल की घटना - नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि 2 अप्रैल को प्रदेश में जो हिसंक घटनाएं हुई हैं उससे साबित होता हैं कि प्रदेश का खुफिया तंत्र असफल रहा हैं। जिस तरह की तैयारी 10 अप्रैल को बंद के दौरान पुलिस ने की उसी तरह की तैयारी अगर 02 अप्रैल को होती तो प्रदेश में 8 निर्दोष लोगों की मौत होने से उन्हें बचाया जा सकता था। उन्होंने गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह की इस बयान की "02 अप्रैल को घटित घटना के पीछे कांग्रेस का हाथ हैं" को एक असफल गृहमंत्री का खीज भरा बयान बताया हैं। उन्होंने कहा कि यह वहीं गृहमंत्री हैं जिन्होंने मंदसौर जिले के पिपल्या हाट मंडी में किसानों पर हुए गोलीकांड के बाद पहले आसामाजिक तत्वों फिर पुलिस और बाद में कांग्रेस को जिम्मेदार बताया था। उन्होंने कहा कि भूपेन्द्र सिंह को इस तरह के गैरजिम्मेदराना बयान से बचना चाहिए क्योंकि वह नए भाजपाध्यक्ष बनने वाले हैं।

शिवराज कोई भी काम बिना हेराफेरी के नहीं करते - नेता प्रतिपक्ष सिंह ने प्रदेश में साढ़े 6 करोड़ पौधरोपण करने का दावा करने वाली शिवराज सरकार पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का यह दावा अगर सच हैं कि इतने पौधे नर्मदा किनारे लगे हैं तो यह गिनीज बुक्स वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज क्यों नहीं हुआ जिसका ताल ठोक कर बड़ा प्रचार प्रसार किया जा रहा था। सिंह ने कहा कि शिवराज का कोई भी काम बिना हेराफेरी के नहीं होता हैं। उन्होंने मांग की पौधरोपण का सोशल ऑडिट किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री शिवराज का रिमोट कम्प्यूटर बाबा के हाथ में - नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि शिवराज का रिमोट कम्प्यूटर बाबा के हाथ में हैं क्योंकि उन्होंने जैसे ही पौधरोपण के घोटाले के खिलाफ जनजागरण यात्रा निकालने का ऐलान किया वैसे ही उन्होंने उनके सहित अन्य बाबाओं को राज्यमंत्री का दर्जा दे दिया। अब कम्प्यूटर बाबा कह रहे हैं कि वे नर्मदा नदी में हो रहे अवैध उत्खनन की निगरानी करेंगे और इसकी जानकारी मुख्यमंत्री को देगें। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कम्प्यूटर बाबा वो जानकारी मुख्यमंत्री को दे रहे हैं जिसका उन्हें पूरा पता हैं क्योंकि यह काम उन्हीं के सरंक्षण में चल रहा हैं। बाबाओं ने तो रेस्ट हाउस में तो कब्जा जमा लिया हैं अब वे मंत्रालय में कब्जा करने की तैयारी में हैं। (खबरनेशन / Khabarnation)

Share:


Related Articles


Leave a Comment