कामकाज में शुचिता के लिए पारदर्शिता जरूरी
खबर नेशन / Khabar Nation
इसके लिए व्यवस्था तैयार करें कार्यालय के त्रिदेव
जिला कार्यालय प्रभारी, कार्यालय मंत्री, जिला कोषाध्यक्षों की बैठक में पार्टी नेताओं ने किया आह्वान
भोपाल: हमारी पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। हमारे कामकाज का आधार शुचिता है और इसके लिए हर काम में पारदर्शिता आवश्यक है। कार्यालय में ऐसी व्यवस्था बनाने का दारोमदार जिला कार्यालय प्रभारी, जिला कार्यालय
मंत्री और जिला कोषाध्यक्ष पर है, जिससे कामकाज की पारदर्शिता बनी रहे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने जिला कार्यालय प्रभारी, जिला कार्यालय मंत्री और जिला कोषाध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक को राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष सुधीर गुप्ता, राष्ट्रीय ऑडिटर वेणी थापर, प्रदेश कार्यालय प्रभारी भगवानदास सबनानी, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन ने भी संबोधित किया। कुशाभाऊ ठाकरे प्रशिक्षण संस्थान के अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल भी मंचासीन थे। बैठक का संचालन एवं आभार प्रदर्शन प्रदेश कार्यालय मंत्री राघवेंद्र शर्मा ने किया।
शुचिता ही हमारी पार्टी की पहचान हैः विष्णुदत्त शर्मा
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अन्य दलों से अलग है, क्योंकि हमारी पहचान हमारी शुचिता है। श्री शर्मा ने कहा कि जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी की केंद्र और राज्य सरकारें सुशासन लाने की दिशा में काम कर रही हैं, उसी तरह से हमें संगठन में सुशासन की व्यवस्था बनाना है। इस व्यवस्था में जिला कार्यालय प्रभारी, कार्यालय मंत्री और कोषाध्यक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण है।
आत्मनिर्भर जिला बनाने के लिए काम करें
श्री शर्मा ने कहा कि पार्टी को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जी ने मध्यप्रदेश में आजीवन सहयोग निधि की व्यवस्था शुरू की थी। उसी के अनुरूप हमें भी आत्मनिर्भर जिला बनाने के लिए प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी के हर काम और हर अभियान को आगे बढ़ाने के लिए कोष तो आवश्यक है ही, इसमें कार्यालय की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए जिला कार्यालय प्रभारी, कार्यालय मंत्री और कोषाध्यक्ष जिला कार्यालय को हमेशा अपडेट रखें।
कार्यालय की व्यवस्था के संचालन में त्रिदेव की भूमिका महत्वपूर्णः हितानंद जी
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कहा कि हमारे पूर्वजों के समर्पण के कारण ही आज हमारी पार्टी इतने विराट स्वरूप में आ सकी है। हमें उसी भाव से काम करते हुए पार्टी को आगे ले जाना है। हम जो भी काम करें, अपने कार्यकर्ताभाव को ध्यान में रखते हुए ही करें। उन्होंने कहा कि काम को क्रमबद्ध रखने का कार्य कार्यालय में ही होता है। इसलिए यह हमारी जिम्मेदारी है कि कार्यालय स्वच्छ रहे, वहां आने वाले हर अतिथि का सत्कार हो। हितानंद जी ने कहा कि पार्टी को अपडेट रखना है, तो उसके लिए कार्यालय पदाधिकारियों का अपडेट होना जरूरी है। इसलिए आप अपने आपको अपडेट रखें और पार्टी के लोगों को भी अपडेट करते रहें। उन्होंने कहा कि आप सभी अपने काम का डाटा तैयार रखें और उसका मैनेजमेंट करते रहें। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में हर कार्यकर्ता के लिए काम है और हर काम के लिए कार्यकर्ता उपलब्ध हैं। जिला कार्यालय प्रभारी, कार्यालय मंत्री और कोषाध्यक्ष इसी दृष्टि से व्यवस्था बनाकर चलें तथा शुचिता और सादगी का ध्यान रखें।
पार्टी की व्यवस्था पालन से अनुशासन निर्मित होगा : गुप्ता
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष सुधीर गुप्ता ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन और शुचिता भारतीय जनता पार्टी की पहचान है। हमारे संगठन ने भी व्यवस्थाओं में शुचिता हो, इसके लिए हम कार्यकर्ताओं को भी पार्टी की तय व्यवस्थाओं का पालन करना होगा। पार्टी ने जो व्यवस्थाएं बनायी है, उसके पालन से अनुशासन बनेगा। जिसका हमें अनिवार्यता के साथ पालन करना है। पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन ने जिला कोषाध्यक्षों को केन्द्र द्वारा तय किए गए करणी कार्य की जानकारी दी।
राष्ट्रीय कार्यालय से लेकर प्रदेश और जिला कार्यालय में एक जैसी व्यवस्था : थापर
पार्टी की राष्ट्रीय ऑडिटर वेणी थापर ने बैठक में ऑडिट से संबंधित जानकारियां जिला कोषाध्यक्षों को दी और कहा कि समय समय पर ऑडिट हो, इसकी चिंता करें। उन्होंने कहा कि जिस तरह हमारी पार्टी एक चिन्ह पर काम करती है, उसी तरह राष्ट्रीय कार्यालय से लेकर प्रदेश और जिला कार्यालय में ऑडिट को लेकर एक व्यवस्था है। उस व्यवस्था के अनुरूप हमें कार्य करना है।
कार्यक्रमों का वृत्त समय पर प्रदेश कार्यालय भेजें: भगवानदास सबनानी
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कार्यालय प्रभारी भगवानदास सबनानी ने कहा कि जिला कार्यालय कार्यकर्ताओं और पार्टी के बीच का सेतु है। इसलिए जिला पदाधिकारी अपडेट रहें। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यालय से जो भी सूचना, निर्देश या जानकारी भेजी जाती है, वह नीचे तक उसी स्वरूप में पहुंचे, इसकी चिंता जिला कार्यालय मंत्री करें। साथ ही जो कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, उनका वृत्त समय पर प्रदेश कार्यालय पहुंचाएं।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999