तिरंगे के सम्मान के लिए क्रांतिकारियों और देशभक्तों ने दिया था बलिदान: विष्णुदत्त शर्मा
पन्ना में आयोजित तिरंगा यात्रा एवं बाईक रैली में शामिल हुए प्रदेश अध्यक्ष
खबर नेशन / Khabar Nation
भोपाल। देश के प्रधानमंत्री जी के आव्हान पर आजादी का यह अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है और घर-घर तिरंगा अभियान शुरू किया गया है। स्वाधीनता दिवस को ऐतिहासिक बनाने के लिए हम सबको अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराना है। इस तिरंगे के लिए हमारे देश के महान क्रांतिकारियों ने अपने आप को बलिदान किया, तब हमें आजादी मिली। उन महान क्रांतिकारियों और देशभक्तों को मैं नमन करता हूं। उन शहीदों को याद करते हुए हमें अपनी आजादी के इस त्यौहार को पूर्ण उत्साह के साथ मनाना है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को पन्ना में आयोजित तिरंगा यात्रा के अवसर पर कही।
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत रविवार को पन्ना में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा गांधी चौक, कचहरी चौराहा, बड़ा बाजार चौराहा होते हुए कोतवाली चौराहा पहुचंकर सम्पन्न हुई। यात्रा के मार्ग में आने वाली गलियां और सड़कें तीन रंगों में सराबोर दिखाई दीं, तो भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे वातावरण में गूंजते रहे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने नागरिकों से हर घर में तिरंगा फहराने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा बाइक पर सवार होकर रैली में शामिल हुए। उनके साथ प्रदेश शासन के मंत्री श्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष श्री राम बिहारी चौरसिया, पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता तथा विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। रैली के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने गांधी चौक पर पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
देवेंद्रनगर और सलेहा की बाईक रैली में शामिल हुए प्रदेश अध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा पन्ना जिले के देवेंद्रनगर और सलेहा में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा और बाईक रैली शामिल हुए। बडा गाँव चौराहा से शुरू हुई तिरंगा बाइक रैली देवेंद्र नगर, कटन और सलेहा होते हुए बंधुर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में 500 से अधिक बाइक सवार कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान यात्रा के मार्ग में आने वाली गलियों में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया व भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे वातावरण में गूंजते रहे। जिला अध्यक्ष राम बिहारी चौरसिया पूर्व विधायक श्री राजेश वर्मा, श्री महेंद्र बागरी, पूर्व जिला अध्यक्ष जय प्रकाश चतुर्वेदी व सतानंद गौतम बाइक रैली में शामिल हुए।
प्रदेश अध्यक्ष ने हितग्राहियों को बांटे तिरंगे
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने पन्ना के भाजपा कार्यालय के समीप स्थित बस्ती में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के निवास पर पहुंचे और बहनों को तिरंगा देकर अपने - अपने घरों में तिरंगा लगाने का आग्रह किया तथा स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा को ब्रम्हाकुमारी की सीता बहन, नगर पालिका की नवनियुक्त अध्यक्ष श्रीमती मीना पांडें, अजयगढ़ नगर परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सीता सरोज गुप्ता, नगर पालिका उपाध्यक्ष पन्ना श्रीमती आशा गुप्ता एवं महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती चंद्रप्रभा तिवारी ने रक्षासूत्र बांधे।
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999