बड़वाली चौकी पर सैय्यद अली सरकार के उर्स 5 अप्रैल से
इंदौर। बड़वाली चौकी कब्रिस्तान में सूफी बुज़ुर्ग हजरत सैय्यद अली सरकार की दरगाह पर 60वां सालाना उर्स की शुरुआत 5 अप्रैल को चादर पेश करने के साथ होगी। उर्स कमेटी के सदर शाहरुख कुरैशी और दरगाह कमेटी के सदर अज़हर अली अज्जी के मुताबिक 60वां सालाना उर्स अक़ीदत के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। जिसमें कई सूफी-संत शामिल होंगे। उर्स में उत्तरप्रदेश के कव्वाल जुनैद सुल्तानी और मुम्बई के कव्वाल कामिल चिश्ती की कव्वाली होगी। कौमी एकता के पैगाम के साथ उर्स मनाया जाएगा।
5 अप्रैल को जोहर की नमाज बाद दोपहर 2:30 बजे से कुरान ख्वानी के साथ उर्स का आगाज होगा, इसी रोज़ शाम 5:00 बजे चादर शरीफ का जुलूस बड़वाली चौकी इलाके में निकलेगा। इसके बाद दरगाह पर चादर पेश करने के साथ देश की तरक्की और खुशहाली के लिए दुआ मांगी जाएगी ।
6 अप्रैल को रात 9:00 बजे से जिक्र व नात की महफिल में नूरानी कलाम सुनाए जाएंगे ।
7 अप्रैल को रात 9:00 बजे से कव्वाली का शानदार मुकाबला होगा। जिसमें मुंबई के कव्वाल कामिल चिश्ती और उत्तर प्रदेश के कव्वाल जुनेद सुल्तानी की कव्वाली की महफिल सजेगी। उर्स का समपन 8 अप्रैल को सुबह 10:00 बजे रंगे महफ़िल और विशाल लंगर के साथ होगा। (खबरनेशन / Khabarnation)