बूथ जितना मजबूत होगा, हमारी नींव उतनी मजबूत होगी : जामवाल
खबर नेशन / Khabar Nation
सीहोर पहुंचे क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने तीन सत्रों में लीं अलग-अलग बैठकें
सीहोर: बूथ हमारी प्राथमिक इकाई है, हमारा बूथ जितना अधिक मजबूत होगा, हमारी नींव भी उतनी ही मजबूत होगी। जिस विधानसभा के मंडल में आने वाले सभी बूथों को हम मजबूत कर लेंगे। तो वह बूथ भविष्य में होने वाले किसी भी चुनाव में हम हार नहीं सकते। बूथ जीत लिया तो हम चुनाव भी जीत जायेंगे। बूथ जीतने के इस मूलमंत्र के लिए मंडल अध्यक्ष और वहां के प्रभारी को पूर्णकालीक कार्यकर्ता की भूमिका निभाना होगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने रविवार को सीहोर में जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों, मंडल पदाधिकारी एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक में कही। श्री जामवाल ने 3 सत्रों में अलग-अलग श्रेणी के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया।
हमारे पास जो सौभाग्य, वह कांग्रेस के पास नहीं
श्री जामवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विकास यात्रा जनसंघ से प्रारंभ हुई थी, हमारे संगठन पूर्वजों ने साइकिल और मोटरसाइकिल से चुनाव प्रचार कर पार्टी का विस्तार किया। आज पार्टी देश ही नहीं, दुनिया की सबसे बड़ी कार्यकर्ता आधारित पार्टी बनी है। आज भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की संख्या 18 करोड़ से अधिक हो चुकी है, जो हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। कांग्रेस के पास न ऐसा सौभाग्य है और न ऐसे कार्यकर्ता हैं, कांग्रेस कुशल नेतृत्व और नीति के अभाव से जूझ रही है। उन्हांने कहा कि आज भाजपा 70 सालों में मण्डल और बूथ स्तर तक मजबूत हुई है। आज भाजपा के कार्यकर्ता पंच से लेकर प्रधानमंत्री तक राष्ट्रसेवा का काम कर रहे हैं।
बूथ स्तर तक हितग्राहियों से संपर्क और संवाद करें
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने कहा कि आज हर घर तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचा है। मोदी सरकार की मुफ्त अनाज योजना से देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज मिल रहा है। वहीं बड़ी संख्या में कोविड से बचाव के लिए नागरिकों ने निःशुल्क टीकाकरण करवाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की कई योजनाओं का लाभ प्रत्येक घर तक पहुंचा है। कार्यकर्ता बूथ स्तर तक हितग्राहियों के पास जायें और उनसे संपर्क संवाद करें।
विराट भाव से पार्टी का विस्तार करें कार्यकर्ता
श्री जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी आज देश ही नहीं, विश्व के नेता बन गये हैं, क्योंकि वह विराट मन और विराट भाव के साथ काम कर रहे हैं। आज विश्व के नेता भी भारत को सम्मान की दृष्टि से देख रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी जो कार्य कर रहे हैं, वह भारत को ही नहीं, पूरे विश्व को एक परिवार मानकर कर रहे हैं। इसी तरह कार्यकर्ता भी विराट भाव से पार्टी का विस्तार करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बार-बार भाजपा सरकार का नारा दिया।
जिला अध्यक्ष रवि मालवीय ने बैठक में जिले का संगठनात्मक वृत्त प्रस्तुत किया और कहा कि प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार जिला संगठन 51 प्रतिशत वोट शेयर के लिए बूथ स्तर तक कार्य कर रहा है। पूर्व में जिले के प्रभारी बहादुर सिंह मुकाती, सीहोर विधायक सुदेश राय ने दीप प्रज्जवलित कर महापुरूषों के चित्र पर माल्यार्पण किया।
तीन सत्रों में हुई अलग-अलग बैठकों में जिले में निवासरत प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिले के प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, जिला पदाधिकारी, सभी मोर्चों के अध्यक्ष, प्रकोष्ठों के संयोजक, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, जिला एवं जनपद पंचायत, नगरपालिका एवं नगरपंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेता और प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999