प्रदेश अध्यक्ष ने ग्वालियर में किया पत्रकार-वार्ता को संबोधित
खबर नेशन / Khabar Nation
गृह मंत्री अमित शाह जी के प्रदेश आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह, कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियों में जुटें : विष्णुदत्त शर्मा
भोपाल: हमारा सौभाग्य है कि 16 अक्टूबर को देश के गृह मंत्री अमित शाह जी श्रद्धेय राजमाता और श्रद्धेय अटल जी की धरती ग्वालियर पधार रहे हैं। अमित शाह जी के आगमन की तैयारियों
को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। गृह मंत्री जी का कार्यक्रम ऐतिहासिक हो इसके लिए सभी कार्यकर्ता तैयारियों में जुटें है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को ग्वालियर में पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री अमित शाह जी 16 अक्टूबर को ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल के विस्तार कार्यों का
शिलान्यास करेंगे। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज ग्वालियर-चंबल की संयुक्त बैठक संपन्न हुई है। श्री शर्मा ने कहा कि राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल के विस्तार से ग्वालियर के विकास को गति मिलेगी, जिसके लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 4450 करोड़ रूपए की लागत से एयर टर्मिनल का विस्तार होगा। एयर कनेक्टविटी बढ़ने से पर्यटन के क्षेत्र में भी बड़ा लाभ मिलेगा।
मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य जहां मातृभाषा में होगी मेडीकल की पढाई
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश में एक नया इतिहास बनने जा रहा है, हम लोग कहते थे कि देश की शिक्षा मूल्य आधारित हो, भारत केन्द्रित हो और मैकाले की शिक्षा नीति समाप्त हो। जिसके
लिए हमने अनेक आंदोलन किए हैं और लाठिया खाईं हैं। लेकिन आज हमें गर्व है कि आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में और उनकी इच्छाशक्ति के कारण भारत में नई शिक्षा नीति बनी है। मध्यप्रदेश देश में पहला ऐसा राज्य है जहां मेडिकल की शिक्षा मातृभाषा हिन्दी में होगी। मेडिकल का पाठ्यक्रम एवं जो पुस्तकें हिन्दी माध्यम में तैयार हुईं हैं, उनका विमोचन 16 अक्टूबर को भोपाल में गृह मंत्री अमित शाह जी करेंगे। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा की पढाई हिन्दी में किए जाने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग एवं मध्यप्रदेश सरकार को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि एमबीबीएस की पढाई हिन्दी में होने से गांव में निवास करने वाले युवा भी चिकित्सा की शिक्षा हिन्दी माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999