सफाई कामगार हमारी सामाजिक व्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण और सम्मानित अंग है: कमलनाथ
खबर नेशन / Khabar Nation
कांग्रेस सफाई कामगार मजदूर प्रकोष्ठ की बैठक.....
भाजपा सरकार ने सफाईकर्मियों को मानसिक रूप से विकलांग और गुलाम बना दिया है: राजेश लिलोटिया
सफाई कामगारों के साथ अन्याय कर रही है भाजपा सरकार: जयराजसिंह चौहान
भोपाल: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज मप्र कांग्रेस सफाई मजदूर कामगार प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों के एक दिवसीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सफाई कामगार हमारी सामाजिक व्यवस्था का सबसे
महत्वपूर्ण और सम्मानित अंग हैं। लेकिन भाजपा सरकार में आज इस वंचित वर्ग के साथ अन्याय और कुठाराघात किया जा रहा है।
श्री नाथ ने कहा कि आज हमारी संस्कृति और संविधान दोनों पर आक्रमण हो रहा है। वंचित वर्ग के हितों की रक्षा करने के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान बनाया और आज उस संविधान के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। हम सबके सामने बहुत बड़ी चुनौती है कि हम अपने सामाजिक मूल्यों को कैसे जीवित कैसे रखे, हमारे देश की संस्कृति जोड़ने की संस्कृति है और वहीं संस्कृति कांग्रेस की है।
श्री नाथ ने कहा कि आज के समय में बहुत परिवर्तन हुआ है, आधुनिकता का समय है, सफाई कामगारों को अच्छी शिक्षा ग्रहण कर नया करने की जरूरत है। भाजपा सरकार सफाईकामगारों का शोषण कर रही है। इस वर्ग को जाति के नाम पर भाषा के नाम पर बांटने का काम किया जा
रहा है। आज हमारा संविधान यदि गलत हाथों में चला जायेगा तो हमारी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य क्या होगा। इस वर्ग की शिक्षा का स्तर कैसे सुधरे हमें समझने की जरूरत है। हमारा देश सामाजिक मूल्यों पर टिका हुआ है और हमें इनकी रक्षा करना है, तभी हम अपना भविष्य बना पायेंगे। भाजपा राज में सच्चाई को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन आपको संविधान का रक्षक बन सच्चाई का साथ देना है, यदि सच्चाई का साथ देंगे तो आपका भविष्य भी अच्छा होगा।
इस दौरान श्री नाथ ने देश के पूर्व रक्षा मंत्री और उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह के दुःखद
निधन पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रृद्धांजलि अर्पित की।
अभा कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष राजेश लिलोटिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने आज इस वर्ग को मानसिक रूप से विकलांग और गुलाम बना दिया है। भाजपा इस वर्ग को आगे नहीं बढ़ने देना चाहती है। आज नारे लगाने की नहीं, जमीन पर जाकर भाजपा की गलत नीतियों और कमलनाथ जी के विजन पर चर्चा करने की जरूरत है।
प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट जयराज सिंह चौहान ने कहा कि सफाई कामगारों के साथ भाजपा अन्याय और शोषण कर रही है। सफाई कामगार समाज को स्वच्छ वातावरण देने के लिए तन-मन से काम करते हैं, लेकिन उनको उनका मेहनताना और वाजिब हक भाजपा सरकार में उन्हें नहीं मिल रहा है। ठेकेदारी प्रथा लागू कर उनका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण हो
रहा है। यह वर्ग गरीबी के बोझ तले दबा
रहकर परिवार का सही ढंग से भरण पोषण नहीं कर पाते और न ही अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिला पाते हैं।
इस अवसर पर कांग्रेस अजा विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार, प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री और समस्त प्रकोष्ठों के प्रभारी जे.पी. धनोपिया, कोषाध्यक्ष अशोक सिंह, महामंत्री राजीव सिंह, सेवादल के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र जोशी, सुरेन्द्र चौधरी, भूपेन्द्र गुप्ता सहित प्रकोष्ठ के पदाधिकारी गोपाल खरे, जीतू बलुआ, मोहन वर्मा, सोनू सोधियां सहित बड़ी संख्या में प्रदेश भर से आये सफाई कामगार प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता और विभिन्न सफाई कामगार संगठनों के प्रतिनिधियों ने सम्मेलन में भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन देवकरण इंदौरा ने किया तथा आभार अर्जुन बालि ने व्यक्त किया।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999