कांग्रेस का अध्यक्ष कौन बनेगा, इसी पर मच रहा घमासान : चौहान

राजनीति Sep 25, 2022

खबर नेशन / Khabar Nation  

मुख्यमंत्री ने कहा- राहुल गांधी को लग रहा कांग्रेस का भविष्य नहीं, इसलिए गेहलोत को आगे किया
मुख्यमंत्री ने तीन चुनावी जनसभाओं को किया संबोधित


चन्द्रशेखर आजाद नगर/जोबट/नेपानगर: कांग्रेस का विकास से कोई नाता नहीं है। अब तो कांग्रेस के अस्तित्व पर ही प्रश्न चिन्ह लगा हुआ है। कांग्रेस का अध्यक्ष कौन बनेगा, इसी पर अंदरूनी घमासान मचा हुआ है। राहुल बाबा बड़े समझदार और चतुर है। उनको लग रहा है कांग्रेस का भविष्य नहीं बचा है, इसलिए उन्होंने अशोक गेहलोत को आगे कर दिया है। कांग्रेस का किस्सा ‘हम तो डूबेंगे सनम तुमको भी ले डूबेंगे’ हो गया है। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने शनिवार को चंद्रशेखर आजाद नगर, जोबट और नेपानगर में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
देश और प्रदेश में कांग्रेस की हालत खराब
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि देश में कांग्रेस की हालत खराब है और ऐसा ही हाल मध्यप्रदेश कांग्रेस का भी है। कांग्रेस कार्यकर्ता जब प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ से कुछ कहता है तो कमलनाथ कहतें है कि कांग्रेस छोडना हो तो छोड दो, मैं अपनी गाडी से छुडवा देता हूं। मुख्यमंत्री ने जनता से पूछते हुए कहा कि बताओ भला ऐसी कांग्रेस कभी जनता का भला कर सकती है क्या ? मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी कर रहे है। प्रदेश में भी भाजपा की सरकार है। आपके नगर के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोडी जायेगी।
गरीब जनता की जिंदगी को बेहतर बनाना हमारा संकल्प
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि जनता के सेवा के लिए पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री जनसेवा शिविर लगाए गए हैं। जनता सरकारी ऑफिसों के चक्कर नहीं काटेगी, बल्कि अधिकारी जनता के पास जाकर आवेदन लेंगे। चुनाव के बाद यहां भी जनसेवा शिविर लगाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास विकास का विजन नहीं है। जनजातीय समाज एवं अन्य गरीब जनता का जीवन बेहतर बनाना हमारा लक्ष्य है। सरकार के खजाने में जनता के लिए पैसे की कमी नहीं है। चंद्रशेखर आजाद नगर में जिन गरीब भाई-बहनों ने मकान बिना परमिशन के बना लिए हैं, उनको वैध किया जायेगा और सभी सुविधाएं दी जाएंगी। गरीब जनता की जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रतिबद्व है।
75 प्रतिशत अंक वाले छात्रों को 25 हजार रूपए मिलेंगे
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हमारे बच्चे आगे बढ़ सके इसके लिए सरकार ने 12 वीं में 75 प्रतिशत अंक लाने वाले विद्यार्थियों के खाते में 25 हजार रूपए भेजेगी। इस वर्ष 1 लाख सरकारी भर्तियां की जायेंगी। लाड़ली लक्ष्मी योजना के माध्यम से यह तय किया कि बेटियां बोझ नहीं वरदान होंगी, जिससे बेटियां सम्मान के साथ आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद पार्क के लिए 2 करोड़, 40 लाख रूपए स्वीकृत हो गये हैं, जहां तक पहुंचने के लिए सड़क हेतु सवा करोड़ की राशि स्वीकृत की जायेगी। अमृत सरोवर के तहत सुंदर तालाब के निर्माण को स्वीकृत मिल गई है। साथ ही खेल का मैदान भी बनाया जायेगा। उन्होंने सभा के दौरान जनता से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए कमल का बटन दबाएं और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को विजयी बनायें।
कांग्रेस कभी किसी का भला नहीं कर सकती है
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने अलीराजपुर के जोबट में सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि आपके आशीर्वाद से मैं प्रदेश का मुख्यमंत्री हूं और जोबट के विकास के लिए मैंने कभी कोई कसर नहीं छोड़ी है। श्री चौहान ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा कर रहे है, वही दूसरी तरफ पूरे भारत में कांग्रेस के लोग कांग्रेस छोड़कर भाग रहे हैं। कांग्रेस कभी किसी का भला नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा कि जोबट के महाविद्यालय में अगले सत्र से स्नातकोत्तर की पढ़ाई प्रारंभ की जायेगी। बच्चों के लिए व्यवस्थित खेल का मैदान होगा, ताकि हमारे बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा के प्रकटीकरण का समुचित अवसर प्राप्त हो सके। हमारा सुंदर शहर बने, स्वच्छ शहर बने और हरा-भरा हो, इसके लिए जो भी आवश्यक है, हम उसकी व्यवस्था करेंगे। जोबट के सौंदर्यीकरण के कार्य में धन की कमी को नहीं आने दूंगा।
चन्द्रशेखर आजाद नगर में आयोजित जनसभा में विधायक श्रीमती सुलोचना रावत, वरिष्ठ नेता माधवसिंह डाबर, जिला अध्यक्ष वकील सिंह ठकराला, नागर सिंह चौहान, मुकाम सिंह, अजय जायसवाल सहित जिला पदाधिकारी, पार्षद प्रत्याशी उपस्थित थे।

 

लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999

 

 

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment