जिनका विकास से कोई वास्ता नहीं वह विकास यात्रा पर प्रश्न चिन्ह खड़ा कर रहे : विष्णुदत्त शर्मा

राजनीति Feb 15, 2023

खबर नेशन / Khabar Nation  
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा भाजपा सरकार विकास यात्रा के माध्यम से हर गरीब के जीवन को बदलने का काम कर रही
छतरपुर जिले की बड़ा मलहरा और राजनगर विधानसभा की विकास यात्रा में शामिल हुए प्रदेश अध्यक्ष

छतरपुर: मध्यप्रदेश में जब कांग्रेस की सरकार थी, तब प्रदेशवासियों को सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकताओं से जूझना पड़ता था। कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर था और विकास दूर तक दिखाई नहीं देता था। जिस कांग्रेस का विकास से कोई नाता नहीं है, उसके झूठे और कपटी नेता आज भाजपा सरकार की विकास यात्रा पर प्रश्न चिन्ह खड़ा कर रहे हैं। जनता ऐसे नेताओं को जरूर जवाब देगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को छतरपुर जिले की बड़ा मलहरा और राजनगर विधानसभा की विकास यात्राओं को संबोधित करते हुए कही। प्रदेश अध्यक्ष ने विकास यात्रा के दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए और विकास कार्यो का लोकार्पण भी किया।
विकास और प्रत्येक व्यक्ति का कल्याण ही भाजपा सरकार का संकल्प
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा बड़ा मलहरा विधानसभा क्षेत्र के मुंगवारी गांव में विकास यात्रा में शामिल हुए। विकास यात्रा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति का विकास और कल्याण ही भाजपा सरकार का संकल्प है। भाजपा सरकार विकास यात्रा के माध्यम से हर गरीब के जीवन को बदलने का काम कर रही है। इस यात्रा का उद्देश्य जन-जन से संवाद और हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध सुनिश्चित कराना है।
भाजपा सरकार की नीतियों और योजनाओं से सकारात्मक परिवर्तन आया
विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश में 15 महीने कमलनाथ सरकार रही, जिसने मध्यप्रदेश को बदहाली प्रदेश बना दिया था। हर मोर्चे पर कमलनाथ सरकार विफल रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार आयी तो सरकार की नीतियों और योजनाओं का ही प्रभाव है कि समाज में कई कुरीतियों को समाप्त कर सकारात्मक परिवर्तन आया। लाड़ली लक्ष्मी योजना, गाँव की बेटी योजना, कन्या विवाह योजना समेत कई योजनाओं से बेटियाँ अब बोझ नहीं बल्कि हमारी ताकत बन रही है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाडली बहना योजना की घोषणा की है। जिसकी शुरूआत 8 मार्च अंर्तराष्ट्रीय महिला दिवस से होगी। इस योजना के तहत गरीब परिवारों की बहनों को 1 हजार रूपए उनके खाते में दिए जायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन की सरकार द्वारा प्रदेश के नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ ही अब उन्हें सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़े कदम उठाये जा रहे हैं।
खजुराहो लोकसभा ऐतिहासिक बनेगी, इसे मिलकर हम आगे ले जायेंगे
विष्णुदत्त शर्मा राजनगर विधानसभा के ग्राम रनगुंवा, पथरगंवा एवं इमलिया में विकास यात्रा में सम्मिलित हुए। श्री शर्मा ने विकास यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि खजुराहो लोकसभा के विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी का संपूर्ण नेतृत्व लगा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुंदेलखण्ड के विकास के लिए कई सौगातें प्रदान की है। इस क्षेत्र के खेल प्रतिभाओं को सुविधाएं मिले और वे आगे बढ़े, इसके लिए खेल मैदान और खेल गतिविधियों का सेंटर बनाने की स्वीकृति केन्द्र ने दी है। खजुराहो के युवाओं के सपने उड़ान भरे इसके लिए जल्द ही यहां पायलट ट्रेनिंग सेंटर की शुरूआत होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं कि जनता ने हमें अपार विश्वास दिया है। हमारा भी कर्त्तव्य है कि हम जनता की चिंता करें। उन्होंने सेवा का जो मंत्र दिया है, उसे अपनाते हुए मिलकर खजुराहो लोकसभा को विकास के पथ पर आगे ले जाने काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हम सभी के प्रयासों से खजुराहो लोकसभा ऐतिहासिक लोकसभा बनेगी।
बड़ा मलहरा की विकास यात्रा मगवारी गुलगंज चौका ढड़ारी एवं छतरपुर शहर में पहुंची। स्थानीय रहवासियों ने पुष्पवर्षा कर विकास यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रदेश मंत्री श्रीमती ललिता यादव, विधायक प्रद्युमन सिंह लोधी, जिलाध्यक्ष मलखान सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विद्यादेवी हरिओम अग्निहोत्री, जिला मंत्री सुनील मिश्रा, मण्डल अध्यक्ष गिरजा पटेरिया सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्तागण मौजूद थे। इसी प्रकार राजनगर विधानसभा की विकास यात्रा में जिलाध्यक्ष मलखान सिंह, जिला महामंत्री अरविन्द पटेरिया, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विवेक चतुर्वेदी, दिनेश गौतम, दिलीप अहिरवार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व जनता शामिल हुई।


लिखें और कमाएं        
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999

 

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment