उमरिया में कमलनाथ जी की जनसभा ..........

राजनीति Feb 08, 2023

खबर नेशन / Khabar Nation  

इंदिरा गांधी जी ने कोयला खदानों का राष्ट्रीयकरण किया था, भाजपा राज में खदानों का निजीकरण किया जा रहा है : कमलनाथ

उमरिया और विंध्य में वर्षों से नहीं हुआ कोई निवेश, बड़े पैमाने पर हो रहा है, यहां से पलायन

भोपाल: उमरिया की पहचान एक समय में यहां के जंगलों और कोयले की खदानों से थी अन्य प्रदेशों के लोग यहां रोजगार की तलाश में आया करते थे। इंदिरा गांधी जी ने कोयला खदानों का राष्ट्रीयकरण किया था, परंतु आज यहां क्या हो रहा है? उमरिया और विंध्य में वर्षों से कोई निवेश नहीं आया, यहां से बड़े पैमाने पर लोग पलायन कर रहे हैं। भाजपा राज में आज खदानों का निजीकरण किया जा रहा है। माताओं बहनों ने बड़े प्यार से इन बच्चों का पालन पोषण किया है, परंतु यह भटकता हुआ नौजवान रोजगार के अवसरों के लिए आज परेशान है? सबसे बड़ी चिंता आज हमारे नौजवानों की है, हमारे यह नौजवान जो हमारे विंध्य और उमरिया के भविष्य का निर्माण करेंगे अगर उनका स्वयं का भविष्य अंधेरे में रहेगा तो कैसे निर्माण होगा हमारे मध्य प्रदेश का? यहां आप सभी के बीच आकर बहुत खुशी होती है, परंतु साथ-साथ दुख भी होता है, क्योंकि आज देश के सबसे पिछड़े जिलों की जब बात आती है तो उमरिया का भी नाम उन पिछड़े हुए जिलों में आता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने आज उमरिया की जनता को हनुमान भक्त बताते हुए वहां आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये यह बात कहीं। उन्हांने साथ ही वहां भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया।  

श्री नाथ ने कहा कि चुनाव प्रजातंत्र का उत्सव होता है और सात महीने बाद प्रदेश में चुनाव होने जा रहे हैं। हर चुनाव में अलग-अलग मुद्दे होते हैं। इस बार चुनाव में विकास का मुद्दा तो महत्वपूर्ण है ही पर आज हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती है कि हम अपने देश की संस्कृति को कैसे जीवित रखें। हमारे देश की संस्कृति हमारे कांग्रेस की संस्कृति जोड़ने की संस्कृति है। हम दिल जोड़ते हैं, संबंध जोड़ते हैं और देश के सभी समाजों को साथ में जोड़ कर रखते हैं। हमारे देश में इतनी एकता और विभिन्नता होने के बावजूद आज हमारा देश एक झंडे के नीचे खड़ा हुआ है। सत्ता में बैठे लोगों द्वारा बाबा साहब अंबेडकर के बनाये संविधान पर और देश की संस्कृति पर हमलाकर उसे कमजोर  किया जा रहा है। हमें यह संकल्प लेना है कि हम अपनी संस्कृति और अपने संविधान के रक्षक बनें।

श्री नाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने मुझे ऐसा प्रदेश सौंपा था जो बेरोजगारी, किसानों की आत्महत्या, भ्रष्टाचार, महिलाओं के साथ अत्याचार और ध्वस्त कानून व्यवस्था में नंबर वन था। मप्र में 15 साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी, हमने प्रदेश की नई तस्वीर बनाने की शुरुआत की, अपनी नीति और नियत का परिचय दिया था, कृषि क्षेत्र में नई क्रांति लाने की शुरूआत की और किसानों की कर्जमाफी की। केवल डिफाल्टर किसानों का ही नहीं चालू खाते वाले किसानों का भी कर्जा माफ करना हमारे विजन था। हमने प्रदेश के 27 लाख  किसानों का प्रथम चरण में कर्जा माफ किया था, दूसरा चरण हम शुरू करने जा रहे थे, परंतु छल कपट से हमारी सरकार गिरा दी गई। मुझे विधायकों ने आकर बताया हमें इतना पैसा दिया जा रहा है। उन्हांने कहा कि मैं चाहता तो मैं भी सौदेबाजी की राजनीति कर सकता था, परंतु मैंने इस पवित्र कुर्सी के सम्मान के लिए सौदेबाजी नहीं की। मैंने स्पष्ट कहा था कि मैं मध्यप्रदेश की पहचान सौदेबाजी की राजनीति से नहीं बनाना चाहता।

श्री नाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान दोबारा प्रदेश के मुख्यमंत्री बने और पिछले 18 सालों का हिसाब आज जनता को नहीं दे पा रहे हैं। वे तो खुद कहते हैं कि मैं घोषणा मशीन हूं। परंतु वे घोषणा मशीन के साथ-साथ झूठ बोलने की मशीन भी हैं, झूठ बोले बिना उनका खाना हजम नहीं होता। पिछले कई वर्षों में की गई बीस हजार घोषणाएं अभी भी अधूरी हैं, और नई घोषणाएं करते जा रहे है। जहां नदी भी ना हो वहां पर पुल की घोषणा कर देते है शिवराज जी।

श्री नाथ ने कहा कि आज प्रदेश के अन्नदाता को खाद-बीज के लिए किस प्रकार भटकना पड़ रहा है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जाता हूं पिछले दिनों में मालवा के दौरे पर था। क्या भाव मिल रहा फसल का, लहसुन का एक-दो रुपए, कैसा अन्याय हो रहा है हमारे किसानों के साथ?

श्री नाथ ने कहा कि मैं शिवराज जी से पूछना चाहता हूं आपने प्रदेश को आखिर दिया क्या है, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, माफियाराज, बलात्कार, अपराध और घर-घर में शराब। देश में सबसे ज्यादा आदिवासियों के साथ अत्याचार आज हमारे मध्य प्रदेश में हो रहे हैं। नौजवानों आज यह तस्वीर आप सबको अपने सामने रखनी पड़ेगी। हमने तो अपनी नियत और नीति का परिचय दिया था, हमनें 100 रू. में 100 यूनिट बिजली दी, वृद्धावस्था पेंशन बढ़ाई, प्रदेश के इतिहास में कभी इतनी गौशालाओं का निर्माण नहीं हुआ था जितना हमने एक साल में करके दिखाया। लेकिन भाजपाराज में आज हमारी गो-माता सड़कों पर जगह-जगह घूम रही है। भाजपा नेताओं के संरक्षण में चल रहे गौशालाओं में हजारों गायों के शव पाये जा रहे हैं, पशु हत्या कर चमड़े का व्यापार किया जा रहा है।

श्री नाथ ने कहा कि आखिर कौन सा पाप मैंने किया था जब हमने यह कहा था कि हम अपने आदिवासी भाइयों को उनकी जमीन का अधिकार देंगे। शिवराज सिंह आज प्रदेश की जनता को अपने कार्यों का हिसाब नहीं दे पा रहे हैं, उसके बावजूद वे विकास यात्रा निकाल रहे हैं। मैं कहता हूं यह भाजपा की विकास यात्रा नहीं यह तो उनकी निकास यात्रा है। उन्होंने कहा कि नाटक-नौटंकी और कलाकारी में शिवराज सिंह का कोई जवाब नहीं, मुंबई जाइए और एक्टिंग कीजिए, मध्यप्रदेश का नाम रोशन कीजिए। किसी भी प्रदेश में निवेश तभी आता है, जब निवेशकों को उस प्रदेश में विश्वास हो, मीडिया में नौटंकी करने से और बड़े-बड़े आयोजन करवाने से निवेश नहीं आता।

श्री नाथ ने कहा कि आप सबसे यही कहना चाहता हूं कि मध्य प्रदेश और हमारे उमरिया का भविष्य सुरक्षित रखना आपके हाथों में है। आप लोगों ने 18-20 सालों से भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा करके देख लिया, क्या दिया भारतीय जनता पार्टी ने आप लोगों को? आज 15 महीने की कांग्रेस सरकार का जबाव मांगते हैं, 20 सालों का आज यह हिसाब देने लायक नहीं है। आप सबसे निवेदन है कि उमरिया जिले की तस्वीर को अपने सामने रखकर सच्चाई का साथ दीजिएगा। जब आप सच्चाई का साथ देंगे तो वर्षों बाद उमरिया का झंडा मध्यप्रदेश की विधानसभा पर लहराएगा।

उमरिया की जनसभा में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह राहुल भैया, पूर्व मंत्री ओमकार सिंह मरकाम, विधायक फुंदेलाल मार्को, बसंत सिंह, भूपेंद्र मरावी, जिला अध्यक्ष अजय सिंह, प्रभारी जगदीश सैनी सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं जनसैलाब उपस्थित था।

 

लिखें और कमाएं        
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment