28वीं राष्ट्रीय केनो स्प्रिंट प्रतियोगिता शुरू
भोपाल। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने छोटी झील पर 28वीं राष्ट्रीय केनो स्प्रिंट चैम्पियनशिप का उदघाटन किया। देश के 28 राज्यों से आए लगभग एक हजार खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर गोवा के बावास एवं बंदगाह मंत्री जयेश सालगांवकर, भारतीय ओलम्पिक संघ के महा सचिव राजीव मेहता, भारतीय कयाकिंग केनोइंग संघ के अध्यक्ष एस.एम. हाशमी, सचिव म.प्र. ओलम्पिक संघ दिग्विजय सिंह, संचालक खेल एवं युवा कल्याण उपेन्द्र जैन उपस्थित थे।
खेल मंत्री सिंधिया ने कहा कि प्रदेश के चैम्पियन खिलाड़ी ज्यादातर ग्रामीण परिवेश से हैं और यही हमारी उपलब्धि है। मध्यप्रदेश सही मायनों में आस्मां छूने की ओर अग्रसर है।
भारतीय ओलम्पिक महासंघ के सचिव राजीव मेहता ने कहा कि मध्यप्रदेश में खेलों का बहुत अच्छा माहौल निर्मित और खेल मंत्री सिंधिया के नेतृत्व में सुखद परिणाम भी लगातार मिल रहे हैं। इस अवसर पर सिंधिया ने अतिथियों को शाल तथा श्रीफल से सम्मानित किया। (खबरनेशन / Khabarnation)