सिंधिया एवं सोलंकी 13 को भरेंगे नामांकन
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी 13 मार्च को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी 13 मार्च को दोपहर 12 बजे भाजपा कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर पहुंचेंगे। यहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में राज्यसभा के उम्मीदवार द्वय सिंधिया एवं सोलंकी प्रदेश कार्यालय स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय जी, श्रीमंत राजामाता विजयाराजे सिंधिया जी, पितृपुरूष कुशाभाऊ ठाकरे जी की प्रतिमा माल्यार्पण कर नामांकन दाखिल करने विधानसभा रवाना होंगे।
ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी विधानसभा पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, नरोत्तम मिश्रा, श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, भूपेन्द्र सिंह, रामपाल सिंह, श्रीमती माया सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में नामांकन दाखिल करेंगे।