चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने दी करोंद क्षेत्र के लिये बड़ी सौगात
खबर नेशन / Khabar Nation
करोंद में रविन्द्र भवन की तर्ज पर बनेगा कन्वेंशन सेंटर
करोंद के युवाओं लिये बनेगा खेल परिसर
मंत्री श्री सारंग के नेतृत्व में वार्ड 40 और 79 पहुंची विकास यात्रा
वार्ड 79 में विकास यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ता
भोपाल: राजधानी भोपाल के रविन्द्र भवन की तर्ज पर करोंद क्षेत्र में कन्वेंशन सेंटर बनाया जायेगा। गुरूवार को विकास यात्रा के दौरान चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने यह घोषणा की। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि करोंद क्षेत्र में करोड़ों की लागत से सर्वसुविधायुक्त कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जायेगा। इसी के साथ क्षेत्र के युवाओं के लिये भव्य खेल परिसर का भी निर्माण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि करोंद क्षेत्र को उपनगर बनाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम सिद्ध होगा।
करोंद में रविन्द्र भवन की तर्ज पर बनेगा कन्वेंशन सेंटर
मंत्री श्री सारंग ने वार्ड 79 में करोंद चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि करोंद क्षेत्र को भोपाल के उपनगर के रूप में विकसित करने के लिये निरंतर विकास कार्य किये जा रहे हैं। इसी कड़ी
में रविन्द्र भवन की तर्ज पर करोंद क्षेत्र में करोड़ों की लागत से कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कन्वेंशन सेंटर बहुउपयोगी होगा, जहां बड़े सांस्कृतिक और धार्मिक समारोह सम्पूर्ण भव्यता के साथ हो सकेंगें। मंत्री श्री सारंग ने करोंद में चिन्हित स्थान पर खेल परिसर के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस खेल परिसर में स्विमिंग पूल भी बनाया जाएगा।
ऐशबाग अंडरपास का अतिक्रमण हटेगा
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि ऐशबाग में अंडरपास के समीप अतिक्रमण की समस्या से शीघ्र ही जनता को निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि अंडरपास पर अतिक्रमण होने से रहवासियों को आवागमन में कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। अतिक्रमण को जल्द से जल्द हटाने के लिये संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
एक हजार से अधिक लाभार्थियों को मिला केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं का लाभ
वार्ड 40 और 79 में आयोजित हितलाभ वितरण कार्यक्रम में मंत्री श्री सारंग ने अटल पेंशन योजना, आयुष्मान कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, कर्मकार कार्ड, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना, लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली, मुख्यमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स, संबल योजना 2.0 सहित विभिन्न योजनाओं के 1 हजार से अधिक लाभार्थियों में हितलाभ वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री सारंग ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि विकास यात्रा के माध्यम से करोड़ों की लागत से विकास कार्यों का भूमिपूजन, हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण के साथ ही पात्र हितग्राहियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जा रहा है। जन-जन की समस्याओं का निदान भी मौके पर ही किया जा रहा है।
मंत्री श्री सारंग ने भरे हितग्राहियों के आवेदन
विकास यात्रा के दौरान मंत्री श्री सारंग ने वार्ड 40 और 79 में प्रत्येक घर पहुंचे और जनता की समस्याओं को सुना एवं उनका तत्काल निराकरण भी किया। वार्ड 40 अंतर्गत इंदिरा कॉलोनी
निवासी श्रीमती प्रीति विश्वकर्मा एवं श्री संतोष सैनी ने गरीबी रेखा का राशन कार्ड ना होने की समस्या मंत्री श्री सारंग को बताई। मंत्री श्री सारंग ने स्वयं उनके आवेदन भरकर तत्काल राशन कार्ड बनवाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिये। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में जनप्रतिनिधि स्वयं नागरिकों के द्वार पर पहुंचकर उनकी समस्याओं का तत्काल निराकरण कर रहे हैं। यह मुख्यमंत्री श्री चौहान के सुशासन और जनकल्याण की रीति-नीति का परिणाम है।
वार्ड 40 और 79 को मिली करोड़ों की सौगात
मंत्री श्री सारंग ने वार्ड 40 अंतर्गत खटीक कॉलोनी में संजीवनी केंद्र निर्माण, इंदिरा नगर कॉलोनी में स्ट्रीट लाईट, संपूर्ण नालियों के निर्माण, जैन मंदिर क्षेत्र में स्ट्रीट लाईट की घोषणा और संपूर्ण
नालियों के निर्माण का भूमिपूजन, दुर्गा मंदिर से बाग उमराव दुल्हा अंडर ब्रिज वाली गली में सीसी रोड का भूमिपूजन के साथ ही अहमद अली कॉलोनी में संपूर्ण कॉलोनी की सीसी रोड के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने बाग उमराव दुल्हा से बरखेड़ी फाटक तक डामरीकरण कार्य की घोषणा की। वहीं वार्ड 79 में मंत्री श्री सारंग ने विश्वकर्मा कॉलोनी में नाली निर्माण और राधाकृष्ण नगर में सड़क निर्माण का भी भूमिपूजन किया।
वार्ड 79 में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ली भाजपा की सदस्यता
वार्ड 79 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मंत्री श्री सारंग ने भाजपा का अंगवस्त्र प्रदान कर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस दौरान मंत्री श्री सारंग ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में राज्य सरकार जनहित और जनकल्याण के कार्य कर रही है। इसीलिये भाजपा को जनता का अपार जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है।
बाग उमराव दूल्हा में गैस राहत डिस्पेंसरी व शासकीय स्कूल का किया निरीक्षण
विकास यात्रा के दौरान मंत्री श्री सारंग वार्ड 40 के बाग उमराव दूल्हा स्थित गैस राहत डिस्पेंसरी व शासकीय हाई स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां उन्होंने पेशेंट रजिस्टर के साथ ही दवा वितरण केंद्र सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान शासकीय हाई स्कूल की मांग पर मंत्री श्री सारंग ने पेयजल हेतु अतिरिक्त पानी की टंकी की व्यवस्था कराने की घोषणा की।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999