कारम बांध निर्माण में सरकार के इशारे पर ऊपर से नीचे तक जमकर हुआ भ्रष्टाचार: अवनीश बुंदेला
खबर नेशन / Khabar Nation
कारम बांध निर्माण में हुये भ्रष्टाचार, सरकार को
जगाने कांग्रेस ने शंख, मजीरा, घंटी बजाकर किया प्रदर्शन,
जलसंसाधन मंत्री श्री सिलावट से की इस्तीफे की मांग
भोपाल: धार जिले की कारम नदी पर 304 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन बांध जो एक ही बारिश में ढह गया है। इस बांध के निर्माण में प्रदेश की भाजपा सरकार और बांध निर्माण में संलिप्त मंत्री, अधिकारी-कर्मचारी सभी की मिलीभगत से ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार की बू स्पष्ट रूप से नजर आ रही है। आखिर क्या कारण है कि धार जिले में कारम नदी पर जो बांध अभी बनकर तैयार ही हो रहा था, वह बांध एक बारिश भी नहीं झेल पाया और टूट कर बिखर गया? प्रदेश में हम पिछले 18 महीने का इतिहास पलट कर देखें तो 3 बड़े बांध एवं 310 पुल अब तक टूट चुके हैं और 500 करोड़ की सड़कें बह गयी, लेकिन सरकार इन मामलों पर मौन है।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अवनीश बुंदेला के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने आज शंख, मजीरा, घंटी बजाकर कांग्रेस के झंडे लेकर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के निवास पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और एक ज्ञापन सौपते हुए नैतिकता के आधार पर उनसे मंत्री पद से इस्तीफा देने की मांग की तथा कारम बांध के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार में शामिल दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों को बर्खास्त किये जाने की मांग की।
श्री बुंदेला ने कहा कि इससे शर्मनाक बात और क्या होगी कि बांध टूटने की कगार पर था, सरकार बदनामी से बचने और बांध के निर्माण में हुए भरी भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए सरकार के निर्णय पर मशीनों से वह बांध तोड़ा गया। क्योंकि अगर बांध फट जाता तो काफी जान माल का नुकसान हो जाता।
श्री बुंदेला ने कहा कि बांध को बनाने वाली जो कंपनी सार्थी कंस्ट्रक्शन के मालिक भाजपा नेता अशोक भारद्वाज मंत्री नरोत्तम मिश्रा के काफी नजदीकी है। भारद्वाज की कंपनी ब्लैक लिस्टेड होने के बावजूद बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार को अंजाम देने के लिए उस कंपनी को काम क्यों, कैसे और किसलिए दिया गया? इससे साबित होता है कि प्रदेश में बांधों, सड़कों, पुल-पुलियाओं की गुणवत्ता का स्तर दिन पर दिन बुरी तरह गिरता जा रहा है वे 5 साल तक भी नहीं टिक पाते हैं।
श्री बुंदेला ने कहा कि कारम नदी का बांध फूटने की घटना से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट का भ्रष्टाचार प्रदेश की जनता के सामने आया है और वे इस बात को झुटला नहीं सकते हैं। शिवराज सरकार बांध, पुल ही नहीं हर निर्माण कार्य में जबरदस्त भ्रष्टाचार कर रही है। उन्होंने कहा कि वहीं कांग्रेस शासनकाल में बने हुए पुल, बांध आज भी 60-70 सालों से यथावत मजबूती से खड़े हुए हैं।
श्री बुंदेला ने कहा कि यही नहीं कोरोना काल में भी भाजपा सरकार ने लोगो की जान जिंदगी से खिलवाड़ा कर भारी भ्रष्टाचार किया और लाखों लोग अकाल काल के आगोश में समा गए। चाहे अस्पताल में बेड मिलने की बात हो, रेमडेसीवर इंजेक्शन की कालाबाजारी की बात हो या फिर दवाईयों की कालाबाजारी की बात हो, लेकिन फिर भी प्रदेश की भाजपा सरकार को लज्जा नहीं आयी। सत्ता सुख के लिए कुछ भी कर सकती है भाजपा सरकार।
श्री बुंदेला ने कहा कि कारम बांध निर्माण की हकीकत तो यह है कि माननीय सिलावट जी आप बांध निर्माण में मिलावट तो पहले ही कर चुके थे, जिससे कि वह बांध फटा और आप उस मिलावट पर पर्दा डालने के लिए ईश्वर का सहारा लेने पहुंच गये। आपके इस कृत्य पर आपको और आपके महाराज सिंधिया जी को ईश्वर माफ नहीं करेगा। क्योंकि बांध टूटने से न जाने कितने लोगों का जीवन दाव पर लगा गया है, लोग भूखे प्यासे जंगल में रहने के लिए विवश हो गए हैं।
श्री बुंदेला ने स्मरण दिलाया कि वर्ष 2021 में जब चंबल-ग्वालियर अंचल में बाढ़ आई थी, वहां भी सीप और सिंध नदी पर बने हुए दो बांध एवं 6 पुल बह गए थे। उसमें गृह मंत्री जी का क्षेत्र भी शामिल था, लेकिन उस बात को शिवराज सरकार ने अपने बड़े-बड़े आयोजन इवेंट, लोगों के झूठे अभिनंदन, लोगों को झूठी बधाई देकर अपने उस भ्रष्टाचार को भुला दिया और जनता को फिर भ्रमित करने का प्रयास किया, लेकिन एक कारम नदी का बांध जो फूटा है उसने शिवराज सरकार और विभागीय मंत्रियों, अधिकारियों के काले कारनामे एक बार फिर से उजागर कर दिए है।
श्री बुंदेला ने कहा कि तुलसी सिलावट जी जो बांध टूटा है आप उस विभाग के मंत्री है, इसलिए आज हम कांग्रेसजन शंख, झालर एवं घंटियों के माध्यम से हिंदू सनातन संस्कृति के अनुसार आपको सोई हुई निंद्रा से जागृत करने आए और आपसे मांग करते हैं कि आप नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे साथ ही बांध के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार में शामिल कर्मचारियों और अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त करें।
इस अवसर पर कांग्रेसजन राहुल सिंह राठौड़ कार्यकारी जिला अध्यक्ष, विक्रम सिंह चौहान कार्यकारी जिलाध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस के मीडिया उपाध्यक्ष अब्बास हफीज और विभा बिंदु डांगोर, प्रवक्ता विक्की खोंगल, रवि वर्मा, मिथुन सिंह अहिरवार, सचिव किसान कांग्रेस संजीव शर्मा, कांग्रेस नेत्री फरहाना खान, बबन बुंदेला, ताज भाई, मनीष, संदीप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999