पूर्व मुख्यमंत्री की भी नहीं सुनते, तो किसकी बात सुन रहे हैं मंत्री

राजनीति Aug 30, 2019

 

प्रदेश उपाध्यक्ष  रामेश्वर शर्मा ने कहा-सिर्फ लूट के काम में व्यस्त है प्रदेश सरकार के मंत्री

खबर नेशन /Khabar Nation

 

                भोपाल। कमलनाथ सरकार के मंत्री जब पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की बात भी नहीं सुनते हैं, तो फिर वे किसकी बात मान रहे हैं या किसकी सुनते हैं। न उनके पास किसी विधायक से मिलने का समय है और न वे सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जैसे वरिष्ठ नेता को कुछ समझ रहे हैं। कमलनाथ सरकार के मंत्री सिर्फ लूट के काम में लगे हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रामेश्वर शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा मंत्रियों को पत्र लिखकर मिलने के लिए समय मांगने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।

                श्री शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उनके द्वारा कुछ बताए गए कुछ कामों के बारे में मंत्रियों को पत्र में लिखा है, जिनके बारे में मंत्रियों ने यह तक बताना ठीक नहीं समझा कि उन कामों में क्या रुकावट है। प्रदेश उपाध्यक्ष शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार के मंत्री जब सत्ता पक्ष के इतने वरिष्ठ नेता को ही तवज्जो नहीं दे रहे, उन्हीं के काम नहीं कर रहे, तो फिर प्रदेश की आम जनता की क्या स्थिति होगी?

कमलनाथ सरकार के लिए अलार्म है मंत्रियों के पत्र

                श्री शर्मा ने कहा कि हाल ही में वरिष्ठ मंत्री डॉ. गोविंद सिंह द्वारा अवैध उत्खनन के संबंध में मुख्यमंत्री कमलनाथ को पत्र लिखा था। उसके बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंत्रियों को पत्र लिखा है। मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं का पत्रों के जरिए अपनी बात कहना यह बताता है कि सरकार की दिशा और दशा ठीक नहीं है। वरिष्ठ नेताओं के पत्र सरकार के अंदर मौजूद संवादहीनता की स्थिति का संकेत देते हैं, जो मुख्यमंत्री कमलनाथ के लिए भी खतरे का अलार्म है।

किस काम में व्यस्त हैं मंत्री?

                श्री शर्मा ने सवाल किया कि सरकार के मंत्री किस काम में इतने व्यस्त हैं कि कभी वे सरकार को समर्थन दे रहे एक विधायक को घंटों इंतजार कराते हैं, तो कभी दिग्विजय सिंह जैसे वरिष्ठ नेता के पत्रों का जवाब तक नहीं दे पाते। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने नई योजना शुरू करना तो दूर की बात है, अपने वचनपत्र में कही गई बातों पर ही अमल नहीं किया है। न कर्जमाफी हुई, न बिजली का बिल हॉफ हुआ, न बेरोजगारों को भत्ता मिला। फिर सरकार के मंत्री ऐसा क्या काम कर रहे हैं कि उनके पास समय नहीं है?

Share:


Related Articles


Leave a Comment